दिनदहाड़े प्रोफसर दंपति के बंद मकान से लाखों की चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चोरों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

अमृत विचार, लखनऊ। चिनहट थाना अंतर्गत माधव ग्रीन सिटी लौलाई में चोरों ने प्रोफसर दंपति के बंद मकान का ताला तोड़ नकदी और ज्वैलरी पार कर दी। दंपति की लिखित शिकायत पर चिनहट पुलिस ने चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए है।

मूलरूप से कुशीनगर जनपद के कसया थाना अंतर्गत श्रीरामजानकीनगर निवासी हिमांशु प्रियदर्शी चिनहट के माधव ग्रीन सिटी लौलाई में रहते हैं। लिखित शिकायत में पीड़ित ने बताया कि एक निजी यूनिवर्सिटी मे सहायक प्रोफेसर के पद कार्यरत है। उनकी पत्नी भी एक इंटर कॉलेज में सहायक प्रोफेसर है।

उनका कहना है कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे दोंनो घर से कॉलेज गए थे। शाम करीब 04:20 बजे पत्नी घर लौटी, तो उन्हें मेन गेट पर लटका ताला टूटा मिला। कमरे की फर्श में घर का सारा सामान बिखरा था। इसके बाद पत्नी ने तत्काल उन्हें जानकारी देते हुए पुलिस कंट्रोल रूम पर घर में हुई चोरी की सूचना दी।

प्रभारी निरीक्षक अश्वनी चतुर्वेदी ने बताया कि जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ की। इसके बाद फॉरेसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए है। पीड़ित दंपति ने बताया कि चोरों ने घर में रखी एक लाख की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए है। पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश में पुलिस  घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

संबंधित समाचार