पीलीभीत: नोट गिनते वीडियो वायरल होने पर मुश्किल में पड़े डिप्टी रेंजर, प्रभारी डीएफओ ने मुख्यालय से किया अटैच...जांच के लिए टीम गठित
पीलीभीत, अमृत विचार: सोशल मीडिया पर एक डिप्टी रेंजर का नोट गिनते वीडियो वायरल होने से महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए प्रभारी डीएफओ ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय गठित करते हुए जांच करने के निर्देश दिए हैं। वहीं डिप्टी रेंजर को मुख्यालय से अटैच किया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो सामाजिक वानिकी प्रभाग बीसलपुर के डिप्टी रेंजर अवनीश कुमार का होना बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में डिप्टी रेंजर फुर्ती के साथ नोटों की गड्डियों को गिनते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि वह किस स्थान पर बैठ कर नोटों की गड्डियों को गिन रहे हैं।
संबंधित वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो रहा है। इधर डिप्टी रेंजर का वीडियो वायरल होने से महकमे में हड़कंप मच गया। इस संबंध में जब रेंजर रोहित जोशी से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि वीडियो वायरल की जानकारी लगने के बाद डिप्टी रेंजर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इधर मामला पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर/प्रभारी डीएफओ सामाजिक वानिकी मनीष सिंह के संज्ञान में आया।
उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो सदस्यीय टीम को गठित करते हुए जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। बताते हैं कि टीम में शामिल सामाजिक वानिकी प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी अंजनी श्रीवास्तव एवं दीपक कुमार ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है। इधर प्रभारी डीएफओ के निर्देश पर डिप्टी रेंजर अवनीश कुमार को सामाजिक वानिकी मुख्यालय से अटैच किया गया है। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: 5 जून को होनी है शादी, दुल्हन पलायन को मजबूर, पुलिस ने किया अनसुना..अब डीएम से लगाई गुहार
