पीलीभीत: असम हाइवे पर बिठौराकलां और गजरौला में बनेंगे स्पीड ब्रेकर, दोनों तरफ से हटेगा अतिक्रमण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने ब्लैक स्पॉट प्वाइंटों को देखा और उनमें सुधार को लेकर रणनीति बनाई। डीएम के साथ सड़क सुरक्षा के स्टेट होल्डर विभागों के अधिकारियों की टीम दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र और जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का स्थलीय निरीक्षण करने के लिए पहुंची। 

इस दौरान पूरनपुर मार्ग पर ब्लैक स्पॉट्स के रूप में चिन्हित बिठौराकलां, कस्बा गजरौला में जिलाधिकारी ने बारीकी से देखा। बिठौराकलां में मुख्य मार्ग से मिल रहे लिंक रोड पर स्पीड ब्रेकर लगवाने, बाजार क्षेत्र में रंबल स्ट्रिप लगवाने, निर्धारित गति सीमा से चलने, दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र का चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।  कुछ स्थान पर बड़ी मात्रा में रेता बजरी डालकर अतिक्रमण कर रखा था। इसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। 

मुख्य मार्ग एवं फुटपाथ की असमान ऊंचाई को बराबर करने के लिए भराव डलवाने के लिए निर्देशित किया गया। इसी तरह कस्बा गजरौला में मार्ग के दोनों तरफ अतिक्रमण को हटाने के लिए थानाध्यक्ष गजरौला को निर्देश दिए। मुख्य मार्ग पर ट्रक की कतार लगी मिली। इस पर वाहन स्वामियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। 

आबादी वाले स्थान पर स्पीड ब्रेकर, जेब्रा लाइन बनवाने, गतिसीमा का चेतावनी बोर्ड लगाने, कस्बा गजरौला में बंद पड़ी रोड लाइट संचालित किए जाने हेतु एनएच पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया। इसके अलावा बरेली हाईवे पर ललौरीखेड़ा में भी टीम पहुंची और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों का सुधार शुरू कराया गया।

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: मेडिकल कॉलेज का हाल...वेंटिलेटर मौजूद, फिर भी रेफर हो रहीं हाई रिस्क प्रेग्नेंसी महिलाएं, कैसे सुधरेंगे हालात

 

संबंधित समाचार