बदायूं; बसपा प्रमुख मायावती पर अमर्यादित टिप्पणी, सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल पर रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वीडियो वायरल होने के बाद बसपा के जिलाध्यक्ष ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव के खिलाफ दी थी तहरीर

बदायूं, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की थी। जिससे बसपा के लोगों की भावनाएं आहत हुईं। जिसके चलते बसपा के जिलाध्यक्ष आरपी त्यागी ने बसपाइयों के साथ सिविल लाइन कोतवाली पहुंचकर शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने राष्ट्रीय महासचिव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। अमर्यादित टिप्पणी की वायरल वीडियो की जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बसपा के जिलाध्यक्ष अधिवक्ता आरपी त्यागी ने सिविल लाइन पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव बदायूं लोकसभा सीट से प्रत्याशी हैं। शिवपाल सिंह यादव ने एक कार्यक्रम में लोकसभा चुनाव में बेटे की हार के डर से बौखलाहट में बसपा प्रमुख मायावती के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। जो एक टीवी चैनल के अलावा सोशल साइट्स पर बहुत प्रसारित हुआ। बसपा जिलाध्यक्ष ने 3 मई दोपहर तीन बजे वह वीडियेा देखा। जिससे बसपा के लोगों की भावनाएं आहत हुईं। 

इसके वजह से सामाजिक माहौल बिगड़ने की प्रबल संभावना है। जिसकी पूरी जिम्मेदारी सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव की होगी। उन्होंने तहरीर में जांच कराकर शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चुनाव के दौरान मामला गंभीर होने पर सिविल लाइन पुलिस ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए तहरीर के आधार पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ जानबूझकर अपमानित करने और दो वर्गों के बीच द्वेष व शत्रुता पैदा करने को बढ़ावा देने का बयान देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। 

बसपा जिलाध्यक्ष आरपी त्यागी की ओर से तहरीर प्राप्त हुई थी। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। वायरल हुए वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी- आलोक मिश्रा, सीओ सिटी।

ये भी पढे़ं- बदायूं: भाजपा प्रत्याशी का आरोप, गांवों में धमका रहे सपा के बाहर से बुलाए गुंडे

संबंधित समाचार