नामांकन के आखिरी दिन हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने भरा पर्चा, कहा- करनाल विधानसभा में भाजपा जीत करेगी हासिल

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करनाल विधानसभा सीट पर 25 मई को होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे बाद इस सीट से उपचुनाव करना जरूरी हो गया है। खट्टर करनाल संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में हैं। 

प्रक्रिया के अंतिम दिन करनाल में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले सैनी और खट्टर ने एक खुले वाहन में शहर में रोड शो निकाला। हरियाणा की 10 लोकसभा सीट और करनाल विधानसभा सीट के लिए मतदान 25 मई को होना है। सैनी ने रोड शो के दौरान संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रचंड जनसमर्थन मिल रहा है। 

भाजपा को न केवल करनाल में, बल्कि हर जगह भारी समर्थन मिल रहा है। मैं कह सकता हूं कि हरियाणा में ग्यारह ‘कमल’ (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिलेंगे। हम बड़े जनादेश के साथ जीतेंगे।’’ सैनी ने कहा, ‘‘अगर हम 2014 के करनाल की तुलना आज के करनाल से करें तो हमें बड़ा अंतर नजर आएगा। डबल इंजन सरकार ने देश और प्रदेश में काफी विकास किया है।’’ करनाल विधानसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का मुकाबला कांग्रेस के तरलोचन सिंह से है। 

ये भी पढ़ें- नीट- स्नातक प्रश्नपत्र लीक की खबरें निराधार, हर एक पेपर का हिसाब रखा गया: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी

संबंधित समाचार