बाराबंकी: तेज हवा संग बारिश, गर्मी से कुछ हद तक राहत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिले में तापमान के उतार-चढ़ाव के बीच मौसम ने शनिवार को करवट ली। सुबह पहले तेज हवाएं चलीं, फिर बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से तापमान में गिरावट आई, जिससे मौसम ठंडा हो गया। लोगों को गर्मी से राहत मिली। पीलीभीत और लखीमपुर खीरी जिले में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।

मौसम विभाग ने तीन दिन तक धूल भरी आंधी के साथ बादल उमड़ने व बारिश होने का अनुमान लगाया है। तेज हवा चलने से कई जगह बिजली भी गुल रही। बीते तीन-चार दिनों से भीषण गर्मी से लोग बेहाल थे। शनिवार की सुबह राहत लेकर आई। सुबह से ही आसमान में बादल छाने लगे और हवा चलने लगी। सुबह करीब 11 बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। फतेहपुर कस्बे में तो बारिश के चलते मौसम काफी सुहावना हो गया।

3

वहीं रामसनेहीघाट समेत जिले के अन्य क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश और तेज हवा के कारण कई इलाकों में बिजली भी गुल रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले तीन दिन तक मौसम में बदलाव की आशंका है। मेघ गर्जन व वज्रपात के साथ ही आंधी आने की संभावना जताई गई है। वहीं रामसनेहीघाट प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में मौसम का रुख अचानक से बदल गया। सुबह तेज धूप होने से सामान्य से ज्यादा तापमान रहा। दोपहर बारह बजे धूल भरी आंधी ने किसानों की चिन्ता को और बढ़ा दिया। 

आंधी तेज होने से कुछ देर के लिए वाहन सवार व राहगीर सहित फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले परेशान हुए। दिनभर रही धूप की वजह से अधिकतम तापमान 38 व न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। दो दिन से अधिकतम तापमान 37 व 38 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया जा रहा था। 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलती रही। इससे राहगीरों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा।

ये भी पढ़ें -कन्नौज लोकसभा सीट से प्रत्याशी अखिलेश यादव ने औरैया में किया रोड शो, बोले- BJP सरकार ने बेरोजगारी दी, महंगाई दी और कितना अन्याय किया

संबंधित समाचार