लखनऊ :  बिल्डर ने व्यापारी को डरा-धमका मांगी रंगदारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ। वजीरगंज कोतवाली में व्यापारी ने बिल्डर व उसके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। व्यापारी का आरोप है कि बिल्डर अपने साथियों के साथ उसे डरा-धमका कर रंगदारी मांग रहा है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। 

प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्र के मुताबिक, नादान महल रोड निवासी व्यापारी प्रशांत जायसवाल के पिता अनिल कुमार एक मकान बेचने का प्रयास कर रहे थे। इस सिलसिले में उनकी मुलाकात बिल्डर शाहिद और जुबैर से हुई। लिखित शिकायत में व्यापारी ने बताया कि बिल्डर ने उनके मकान का सौदा करीब डेढ़ करोड़ रुपये तय किया। जिसके बाद दिसम्बर 2022 में बिल्डर ने उनके पिता के खाते में 45 लाख रुपये ट्रांसफर किए।  तीन महीने में रजिस्ट्री होनी थी।

तय वक्त गुजरने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं कराने पर शाहिद और जुबैर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने बिल्डर एग्रीमेंट कैंसिल करने के लिए कहा। फरवरी 2024 में प्रशांत के पिता ने करीब 15 लाख रुपये लौटाए दिए। बचे हुए रुपये भी जल्द ही वापस किए जाने थे। पीड़ित के मुताबिक 10 फरवरी को वह आगामीर ड्योढ़ी की तरफ से जा रहा था।

तभी शाहिद के कहने पर कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। गाली गलौज करते हुए जबरन सादे स्टाम्प पर हस्ताक्षर करा लिए। प्रशांत के मुताबिक एक युवक ने फोन पर शाहिद से बात कराई थी। जिसने स्टाम्प का इस्तेमाल कर सम्पत्ति अपने नाम कराने की धमकी दी। वहीं, हस्ताक्षरयुक्त स्टाम्प लौटाने के बदले रुपयों की मांग की गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज की गई है।

संबंधित समाचार