लखनऊ: चेन लूट कर भाग रहे बदमाश को युवती ने दाैड़ा कर पकड़वाया
लखनऊ, अमृत विचार। गाजीपुर क्षेत्र में चेन लूटकर भागे बदमाश को युवती के साहसिक कदम से पुलिस ने दबोच लिया। युवती शोर मचाते हुए बदमाश के पीछे दौड़ी। आसपास मौजूद लोगों और गश्त कर लौट रही पुलिस ने घेर कर बदमाश को पकड़ लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। उससे चेन बरामद कर युवती को सौंप दी।
थाना क्षेत्र के लाटूश रोड निवासी सोनी गुप्ता शनिवार करीब 9 बजे पैदल रवींद्र पल्ली निवासी रिश्तेदार के घर से लौट रहीं थी। रास्ते में बदमाश ने झपट्टा मार उनके गले से चेन तोड़ ली और भागा। सोनी ने साहस जुटाकर शोर मचाते हुए बदमाश का पीछा किया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बदमाश को घेर लिया। इसी बीच इंस्पेक्टर गाजीपुर विकास राय, एचएएल चौकी प्रभारी नितिन तालियान सहयोगियों के साथ उधर से निकले। पुलिसकर्मियों ने भी बदमाश का पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाश लेखराज के पास अंधेरे में एक दीवार के पीछे छुप गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इंस्पेक्टर ने बताया बदमाश की पहचान चिनहट निवासी आरजू के रूप में हुई है। सोनी के प्रार्थनापत्र पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : रेलवे से रिटायर्ड दरोगा समेत तीन लोगों ने की खुदकुशी
