13 और 14 मई को बाराबंकी में रहेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, आज अखिलेश करेंगे प्रचार
दरियाबाद/ हैदरगढ़/ बाराबंकी, अमृत विचार। अयोध्या लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 मई को क्षेत्र में आ रहे हैं। सीएम की जनसभा में भारी भीड़ जुटाने को लेकर नेता, पदाधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। भले ही यह जनसभा अयोध्या सीट के प्रत्याशी के पक्ष में हो लेकर इससे बाराबंकी लोकसभा सीट की प्रत्याशी राजरानी रावत को भी इससे फायदा मिलेगा। सीएम के इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गईं हैं।
आगामी 14 मई को दरियाबाद विधानसभा के दरियाबाद भिटरिया मार्ग पर जेठौती कुर्मियान गांव के निकट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन सभा को संबोधित करेंगे। अयोध्या लोक सभा क्षेत्र की दरियाबाद विधानसभा में होने वाली इस जनसभा को लेकर भाजपा नेताओं ने शनिवार को जमीन का निरीक्षण किया है। सांसद प्रतिनिधि बाबा प्रमेंद्र विक्रम सिंह, रिंकू सिंह आदि ने हैली पैड मंच सभा स्थल आदि की जमीन देखी। इस मौके पर प्रदीप द्विवेदी, कमलेश चतुर्वेदी, राहुल वर्मा, नीरज वर्मा आदि मौजूद रहे। वहीं कल यानी 13 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैदरगढ़ कस्बे के ग्राम्यांचल महाविद्यालय के मैदान में भाजपा प्रत्याशी राजरानी रावत के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने आ रहे हैं। इसे लेकर तैयारियां तेजी से चल रहीं हैं। वहीं प्रशासनिक अमला भी चुनाव आचार संहिता पर ध्यान रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी में लगा है।
आज आएंगे अखिलेश, उमड़ेगी समर्थकाें की भीड़
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव आज शहर के मौरंग मंडी स्थित मैदान में इंडी गठंबधन के प्रत्याशी तनुज पुनिया के समर्थन में चुनावी माहौल बनाएंगे। पूर्व सीएम के कार्यक्रम को लेकर दोनों गठबंधन दल तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे रहे। अखिलेश यादव के साथ कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रभारी महासचिव अविनाश पांडेय भी मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में लाखों की भीड़ जुटाने को लेकर दोनों दलों के नेता, विधायक, पदाधिकारी क्षेत्रों में जाकर कार्यक्रम में आने का न्यौता दे रहे हैैं। पूर्व सीएम के इस जनसभा के बाद गठबंधन के दोनों दलों के कई अन्य बड़े नेताओं को बुलाने की तैयारी भी चल रही है।
ये भी पढ़ें -प्रचार खत्म होने के चौबीस घंटे पहले इस सीट का माहौल बदल जायेंगे पीएम मोदी, जानें भाजपा की खास रणनीति
