लखीमपुर-खीरी: फूलबेहड़ में पूर्व प्रधान के घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी,अमृत विचार: थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव जहानपुर में चोरों ने पूर्व प्रधान के घर का ताला तोड़ दिया और 13 हजार रुपये की नगदी समेत करीब चार लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। पुलिस को शक है कि घटना में पूर्व प्रधान के किसी नजदीकी का हाथ है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। 

जहानपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान किरन देवी ने बताया कि उनकी छोटी बहन की शादी थी। वह 10 मई को बच्चों के साथ अपने मायके शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। घर के मेन गेट से लेकर सभी कमरों में ताले पड़े थे।

वह शादी समारोह से वापस घर पहुंची और मेन गेट का ताला खोलकर अंदर गईं तो सभी कमरो के ताले टूटे मिले। दरवाजे खुले थे। कमरों में सामान बिखरा पड़ा हुआ था। यह देख उनके होश उड़ गए। पूर्व प्रधान के घर चोरी की खबर मिलते ही गांव में दहशत व्याप्त हो गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

पूर्व प्रधान ने बताया कि चोर 13 हजार रुपये नगद, गेग्लेस, झाला, सोने का हार, दो जोड़ी अंगूठी, पायल समेत करीब चार लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। पूर्व प्रधान ने गांव के ही एक युवक पर चोरी करने का शक जताया है।

पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। प्रभारी निरीक्षक आलोक धीमान ने बताया कि घटना में पूर्व प्रधान के किसी करीबी के शामिल होने की आशंका है। पुलिस हर पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सड़क पर उतरे दिव्यांग, डीएम ने दिखाई हरी झंडी...निकाली रैली

संबंधित समाचार