सुलतानपुर : ट्रैक पर मोबाइल से बात करते हुए ट्रेन की चपेट में आया कपड़ा व्यापारी
घायल व्यापारी को सीएचसी में किया गया मृत घोषित
लंभुआ, सुलतानपुर, अमृत विचारः कोतवाली क्षेत्र के नरहरपुर के निकट रेलवे ट्रैक पर चलते हुए मोबाइल से बात करने की कीमत एक कपड़ा व्यापारी को अपनी जान गवानी पड़ी। वह रेलवे ट्रैक पर शौचालय को गया गया। इस बीच ट्रैक पर चलते समय मोबाइल से बात करने लगा था। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कानपुर देहात, रोहिणी मानपुर, थाना सिकंदरा निवासी गया प्रसाद सिंह (40) पुत्र मुरली सिंह लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के नरहरपुर में एक कमरा लेकर साड़ी का व्यवसाय करता था। शनिवार रात में वह शौच के लिए जा रहा था। तभी रेलगाड़ी की चपेट में आ गया। एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी अखंड देव मिश्रा ने बताया कि उसके शव को कब्जे में ले लिया गया है और जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला मुख्यालय भेजा गया। कहाकि लोगों से पूछताछ में पता चला है कि वह रेलवे ट्रैक पर मोबाइल से बात करते हुए चल रहा था। इस बीच पटरी पर ट्रेन के आने की जानकारी नहीं हो सकी। ऐसे में वह ट्रेन की चपेट में आ गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही हैं।
