बदायूं: बाइक की टक्कर से संभल निवासी किसान की मौत, अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ दी तहरीर
इस्लामनगर,अमृत विचार: एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने पेट्रोल पंप के पास खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में खड़ी बाइक पर सवार किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किसान को रुदायन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन चंदौसी ले जाते समय रास्ते में किसान की मौत हो गई। परिवार में चिखम दहाड़ मच गया। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
जिला संभल की कोतवाली चंदौसी क्षेत्र के गांव गांव बुद्धनगर खंडुआ निवासी ज्ञान सिंह (50) पुत्र रूप सिंह शनिवार को दवा लेकर शनिवार देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में वह चंदोई रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास बाइक रोककर साइड में खड़े हो गए।
इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार से आए बाइक सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। ज्ञान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मौके से भाग गया। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस को फोन किया। कुछ समय के बाद पुलिस पहुंच गई। ज्ञान सिंह के परिजनों को सूचित करते हुए उन्हें रुदायन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार करके उन्हें रेफर किया। परिजन उन्हें चंदौसी ले जा रहे थे लेकिन उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक के परिजन ने टक्कर मारने वाले अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
