रामनगर: मारपीट और धमकाने के पुराने मामले में 16 पर मुकदमा
रामनगर, अमृत विचार। नरसिंहपुर ऐरड़ा गांव में छह माह पूर्व एक परिवार से मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस की जांच के बाद पड़ोसी गांव भवानीपुर खुल्बे के मंगल सिंह, रंजीत सिंह, राहुल सिंह समेत 16 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपियों में छह महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस को दी गई तहरीर में नरसिंहपुर ऐरड़ा गांव के मित्रपाल पुत्र रामपाल सिंह ने बताया कि पिछले साल 9 नवंबर को वह अपने गांव में खेत से पराल खरीदकर अपने घर पर रख रहे थे, इस बीच मंगल सिंह भी अपनी गाय-भैंसों को उसी स्थान पर चरा रहा था। उसकी मवेशियों के पराल चुगने पर उसने मंगल सिंह से आपत्ति जताई तो मंगल गाली-गलौच करने लगा और धमकी देने लगा।
मित्रपाल के अनुसार उसी तारीख में रात करीब 8.50 बजे मंगल सिंह व उसके साथ महिलाएं, बच्चो समेत 20-25 लोग (सभी नामजद) हाथ में तलवारें, बरछे, फावडे़, पाटल लेकर उसके घर में घुस गये और उसके साथ परिजनों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में खुद मित्रपाल, उसके बेटे कपिल, अंकित और सुमित घायल हो गए। उनके शोर मचाने पर पड़ोसी और प्रधान धरमपुर औलिया ने उन्हें बचाया। मित्रपाल के अनुसार उसके घर पर रखे 50,000 रुपये हमलावरों ने छीन लिए। उसकी पत्नी रामवती की सोने की चेन भी मंगल सिंह व उसके साथियों ने छीन ली।
एसएसआई मनोज नयाल ने बताया कि छह माह मामले में गहनता से जांच की गई जिसमें लूटपाट की पुष्टि नहीं हुई, इसलिए लूट की धारा 392 हटाई गई है। अब मंगल सिंह समेत 16 लोगों के खिलाफ गिरोह बनाकर मारपीट, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी देने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मदद के बहाने महिला के एटीएम कार्ड से उड़ाए 30 हजार
नगर के लखनपुर निवासी एक महिला को युवकों से मदद मांगना भारी पड़ गया। शातिर युवकों ने महिला का एटीएम कार्ड बदकर उसके खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर रुपये निकलने का मैसेज देखकर उसे अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चला। महिला की शिकायत पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज निकालकर आरोपियों की तलाश कर रही है।
बताया गया है कि लखनपुर में रहने वाली योगिता शनिवार शाम बाजार आई। पोस्टऑफिस के सामने पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में वह पैसा निकालने गई। पैसा न निकलने पर वहां खड़े दो युवकों से उसने मदद मांगी। मदद करने के बहाने युवकों ने उसका एटीएम कार्ड बदलकर दूसरा थमा दिया। कुछ देर बाद योगिता के मोबाइल फोन पर 30 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया, तो उसके होश उड़ गए। तब उसे पता चला कि उसका एटीएम कार्ड बदल दिया गया है। योगिता ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी युवकों पर कार्रवाई की मांग की है।
एसएसआई मनोज नयाल ने बताया कि महिला के एटीएम कार्ड से लखनपुर स्थित एसबीआई के एटीएम से पैसा निकाला गया है। पीड़िता की शिकायत पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। जिसमे आरोपी युवक बाइक से जाते दिख रहे हैं। इसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
