हल्द्वानी: फिर से चढ़ने लगा तापमान, पारा 37 डिग्री पार

हल्द्वानी: फिर से चढ़ने लगा तापमान, पारा 37 डिग्री पार

हल्द्वानी, अमृत विचार। दिन के समय तापमान चढ़ने से लोग गर्मी से परेशान हो उठे। विगत दिनों की अपेक्षा तापमान ज्यादा रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और भी ज्यादा उछाल होगा।

विगत दिनों पूर्वी हवाओं की वजह से लोगों को लू से राहत थी। साथ ही पहाड़ में हो रही बारिश की वजह से भी मैदानी इलाकों में लू का असर खत्म हो गया था। मंगलवार को फिर से गर्मी असर दिखाने लगी। लोग दिन के समय तेज धूप से परेशान रहे।

दिन के समय अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान विगत दिनों की अपेक्षा दो डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग के अनुसार अब लोगों को कड़ाके की गर्मी के सहनी होगी। तापमान में इसी तरह से बढ़ोत्तरी होगी। पारा 40 डिग्री के आसपास भी पहुंच सकता है। मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह के अनुसार मैदानी इलाकों में हाल-फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। 

नौ पहाड़ी जिलों में बारिश के आसार
मैदानी इलाकों में जहां गर्मी पड़ेगी वहीं पहाड़ में अभी भी बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. विक्रम सिंह के अनुसार पहाड़ के नौ जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। 15 मई को गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ में बारिश हो सकती है।