गोंडा :  10 हजार की रिश्वत लेते पीएसी का प्लाटून कमांडर रंगे हाथ गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

-‌रपट कार्रवाई खत्म करने को सिपाही से मांगी थी 10 हजार की रिश्वत

एंटी करप्शन टीम ने आरोपी के खिलाफ नगर कोतवाली में दर्ज कराया मुकदमा

गोंडा, अमृत विचार: जिले की 30 वीं वाहिनी पीएसी में तैनात प्लाटून कमांडर को एंटी करप्शन की टीम ने 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है प्लाटून कमांडर ने पीएसी में तैनात एक सिपाही से उसकी रपट की कार्रवाई को खत्म करने के नाम पर ₹10 हजार की घूस मांगी थी। आरोपी प्लाटून कमांडर के खिलाफ नगर कोतवाली थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है।

अंबेडकरनगर जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के ककरही गांव निवासी रूपेंद्र राव 30 वीं वाहिनी  पीएसी में सिपाही के पद पर तैनात है। ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर उसके खिलाफ रपट लिखी गयी थी। रुपेंद्र इस रपट की कार्रवाई को खत्म कराने प्लाटून कमांडर सूबेदार राम केवल सिंह के पास गया था। रूपेंद्र का कहना है कि रपट की कार्रवाई को खत्म करने के लिए प्लाटून कमांडर 10 हजार रुपये की डिमांड कर रहा था‌। रुपेंद्र ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी। इस शिकायत‌ पर बुधवार को ट्रैप टीम प्रभारी इंस्पेक्टर धनंजय‌ सिंह के नेतृत्व में एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया।

सिपाही रूपेंद्र को पैसे लेकर प्लाटून कमांडर के पास भेजा गया। पीएसी कैंटीन के बाहर जैसे ही प्लाटून कमांडर सूबेदार राम केवल सिंह ने सिपाही से 10 हजार रुपये लिए एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप टीम प्रभारी इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि आरोपी प्लाटून कमांडर सूबेदार राम केवल सिंह निवासी सिरसिया खोहिया थाना कसया जनपद कुशीनगर के खिलाफ नगर कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है।

 

संबंधित समाचार