मुरादाबाद: कॉनकॉर ने घटाया कंटेनर किराया, निर्यातकों में खुशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। कंटेनर के बढ़ते किराए से परेशान निर्यातकों की चिंता कॉनकॉर ने कुछ हद तक कम की है। इस डिपार्टमेंट ने कंटेनर का किराया पांच हजार रुपये तक घटा दिया है। यह घटौती 40 फिट कंटेनर के किराए पर की गई है। कॉनकॉर का मानना है कि मुरादाबाद में अस्सी फीसदी निर्यातक इस साइज …

मुरादाबाद,अमृत विचार। कंटेनर के बढ़ते किराए से परेशान निर्यातकों की चिंता कॉनकॉर ने कुछ हद तक कम की है। इस डिपार्टमेंट ने कंटेनर का किराया पांच हजार रुपये तक घटा दिया है। यह घटौती 40 फिट कंटेनर के किराए पर की गई है। कॉनकॉर का मानना है कि मुरादाबाद में अस्सी फीसदी निर्यातक इस साइज के कंटेनर का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में अधिकतर निर्यातकों को इसका लाभ मिल सकेगा।

कोविड काल में निर्यातकों के लिए सबसे ज्यादा समस्या कंटेनर के टोटे को लेकर हुई थी। चालीस फिट के कंटेनर भी उसे नहीं मिल पा रहे थे। खाली कंटेनर न मिलने के कारण कई बार निर्यातकों को अधिक रुपये खर्च करने पड़ रहे थे। इन सब समस्याओं के कारण उनका माल भी वक्त पर बायर्स के पास नहीं पहुंच पा रहा था। उसके बाद शिपिंग में पोर्ट द्वारा बढ़ाए कंटेनर किराए ने एक नई मुसीबत निर्यातकों को थमा दी थी।

अब इस पर कुछ राहत उन्हें दी गई है। कंटेनर कारपोरेशन ऑफ इंडिया (कॉनकार) के टर्मिनल प्रबंधक आशीष गौतम ने बताया कि लोडिंग के साथ आईसीडी से पोर्ट भेजे जाने वाले 40 फिट के कंटेनर का किराया 45 हजार से घटाकर 40 हजार रुपये कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के अस्सी फीसदी निर्यातक माल की सप्लाई के लिए 40 फिट कंटेनर का इस्तेमाल कर रहे हैं। खाली कंटेनरों को पोर्ट से उपलब्ध कराने के एवज में शिपिंग लाइंस से वसूले जाने वाले किराए को काफी कम कर दिया गया है। इसके साथ ही मुंदरा पोर्ट से कंटेनर पहुंचाने के किराए में भी भारी कटौती की गई है।

वहीं एनएनपीटी से खाली कंटेनर लाने का किराया भी शिपिंग लाइन को अब कम देना होगा। कंटेनर में घटे किराए से निर्यातक खुश हैं। मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के महासचिव अवधेश अग्रवाल ने बताया कि कंटेनर पर घटे किराए से निर्यातकों को सुविधा रहेगी।

संबंधित समाचार