कन्नौज: ट्रांसफार्मर में लगी आग, 20 घंटे बीतने के बाद भी आपूर्ति बाधित 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गुरसहायगंज/ कन्नौज, अमृत विचार। नगर के तिराहा स्थित पार्क के निकट लगे ट्रांसफार्मर में बुधवार की देर रात लगभग 12 बजे आग लग गई। ट्रांसफार्मर से ऊंची-ऊंची लपटें निकलते देख लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दमकल को सूचना दी। सभी के सहयोग से लगभग डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। ट्रांसफार्मर जलने से लगभग 20 घंटे से अधिक समय बीत चुका है लेकिन बिजली चालू नहीं हुई। 

विद्युत विभाग के द्वारा नगर के तिराहा पार्क के निकट 400 व 600 केवीए के दो ट्रांसफार्मर रखे गए हैं। शार्ट सर्किट से 400 केवीए ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई और धू-धूकर जलने लगा। आग की लपटें देख स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल सहित बिजली विभाग को खबर दी। दमकल व स्थानीय लोगों की मदद से विकराल हो रही आग पर लगभग डेढ़ घंटे बाद काबू पाया जा सका। यदि समय रहते आग न बुझाई जाती तो पास में लगा 600 केवीए का ट्रांसफार्मर भी इसकी जद में आ जाता है। 

उधर आग बुझने के बाद तो लोगों ने राहत की सांस ली लेकिन बिजली गुल हो जाने से भीषण गर्मी में लोगों की परेशानी बढ़ गई। सुबह पीने के पानी की समस्या उत्पन्न हो गई और रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो गए। विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर न बदले जाने से दिनभर बिजली गुल रही। पूरे दिन आपूर्ति वाधित रहने के कारण तिराहा, जीटी रोड, मोहल्ला किदबई नगर, शास्त्री नगर, अफसरी के लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे स्थानीय लोग भीषण गर्मी में उबल रहे हैं और मोबाइल चार्ज करने के लिए भी इधर-उधर मोहल्लों में भटक रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। इस संबंध में जेई विकास कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन फोन रिसीव न होने से बात नहीं हो सकी।

ये भी पढ़ें -'आत्महत्या कर रही हूं'...लिखा और कर‌ लिया Suicide, पुलिस को शव के पास मिला...

संबंधित समाचार