कन्नौज: 2.70 करोड़ का सोनी पारिया स्कूल कुर्क, प्रशासक देखेंगे व्यवस्था, प्रधानाचार्य बोले-नहीं मिला कोई लेटर
फर्रुखाबाद के जिला मजिस्ट्रेट ने की कार्रवाई, तीन मई का बताया जा रहा आदेश
कन्नौज, अमृत विचार। शहर में कई सालों से संचालित सोनी पारिया पब्लिक स्कूल को फर्रुखाबाद के जिला प्रशासन ने कुर्क कर लिया है। स्कूल भवन की मालियत दो करोड़ 70 लाख रुपये की बताई जा रही है। अब यहां प्रशासक नियुक्त होंगे और वही विद्यालय का संचालन कराएंगे। हालांकि 12 दिन पुराने कुर्की के आदेश को लेकर जिले के अधिकारियों का कहना है कि उनको अब तक इस बाबत कोई जानकारी नहीं मिली है।
बताया गया है कि शहर के पुरानी पुलिस लाइन भवन के निकट स्थित इस स्कूल को वर्ष 2002 में हाईस्कूल और 2003 में इंटरमीडिएट की मान्यता मिली थी। कक्षा छह से 12 तक की कक्षाएं यहां चलती हैं। विद्यालय अंग्रेजी माध्यम में चल रहा है। फर्रुखाबाद के जिला मजिस्ट्रेट डॉ. विजय कुमार सिंह ने तीन मई के आदेश में फर्रुखाबाद व कन्नौज में स्थित 10 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां कुर्क करने का निर्णय दिया है। यह संपत्तियां बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव संजीव पारिया की बताई गईं हैं। उनके खिलाफ धारा 12 (1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत संपत्तियां कुर्क करने का निर्णय पारित हुआ है। निर्णय में उल्लेख है कि अभियुक्त संजीव पारिया ने अलग-अलग एक साथ अपराध कार्य के परिणाम स्वरूप अनैतिक रूप से धन अर्जित किया है। इसमें स्वयं व परिजनों के नाम अचल संपत्ति अर्जित हुई है।
जिला मजिस्ट्रेट ने विपक्षीगण से भी कहा गया है कि अचल संपत्ति के बारे में अपना स्पष्टीकरण 29 मई तक दे सकते हैं। उधर, इस बाबत डीआईओएस डॉ. पूरन सिंह का कहना है कि अब तक उनको विद्यालय की कुर्की व संचालन आदि को लेकर पत्र नहीं मिला है। डीएम शुभ्रान्त शुक्ल ने बताया कि कुर्की के बाबत कोई जानकारी नहीं है न ही कोई पत्र मिला है।
वर्जन -
प्रतिदिन की तरह विद्यालय खुला था। प्रवेश चल रहे हैं। कक्षाएं भी लगीं। कन्नौज का विद्यालय डॉ. आशीष पारिया का है। अब तक कुर्की को लेकर कोई पत्र नहीं मिला है। स्कूल में करीब 400 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं।
चंद्रप्रकाश शर्मा, प्रधानाचार्य, सोनी पारिया इंटर कॉलेज, कन्नौज
वर्जन -
फर्रुखाबाद डीएम की ओर से जो आदेश जारी हुआ है उसमें कहा गया है कि डीआईओएस के जरिए वहां प्रबंधन कमेटी बनेगी। बच्चों का भविष्य खराब नहीं होगा। स्कूल में छात्र-छात्राओं के प्रवेश चलेंगे। शिक्षक व अन्य स्टाफ की सैलरी खातों के जरिए जाएगी। लोकसभा क्षेत्र के चुनाव की वजह से हो सकता हो कि आदेश न पहुंचा हो। एक-दो दिन में कन्नौज में मिल जाएगा।
श्रद्धा पांडेय, तहसीलदार, फर्रुखाबाद सदर
पंजीकृत हैं 302 छात्र-छात्राएं
डीआईओएस कार्यालय के मुताबिक यू-डायस पंजीकरण में सोनी पारिया पब्लिक स्कूल में 302 छात्र-छात्राएं हैं। यह शैक्षिक सत्र 2023-24 की है। इसकी रिपोर्ट जनवरी 2024 को निकाली गई थी। हालांकि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम निकल जाने के बाद यह संख्या घट-बढ़ सकती है।
ये भी पढ़ें -कन्नौज: ट्रांसफार्मर में लगी आग, 20 घंटे बीतने के बाद भी आपूर्ति बाधित
