बरेली: अब बिजनेस प्लान में होगा बदलाव, ट्रांसफार्मर खराब होने से बचेगा
बरेली, अमृत विचार: बिजली अधिकारी वर्ष 2024 के बिजनेस प्लान में अब बदलाव कर रहे हैं। सभी अधिशासी अभियंता दोबारा से रिपोर्ट बना रहे हैं। बदले हुए प्लान के तहत अब ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त होने से बचाया जाएगा। वहीं औद्योगिक क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने का दावा किया जा रहा है।
बिजनेस प्लान के तहत शहरी क्षेत्र के चारों डिवीजन में 20 करोड़ रुपये से अधिक के काम होने थे। जिसमें जर्जर तार और खंभों को बदलने के साथ ही ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के काम स्वीकृत किए गए थे, लेकिन अब प्लान में बदलाव किया जा रहा है। अधिशासी अभियंता गौरव शुक्ला ने बताया कि बिजनेस प्लान में अब आरएमयू (रिंग मेन यूनिट) के तहत काम करने की कार्ययोजना बनाई जा रही है।
इसके तहत एक फीडर पर दो ब्रांच होने पर आरएमयू लगाया जाएगा। इसका यह फायदा होगा कि फाल्ट होने पर उसे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति खुद ही बंद हो जाएगी। उसके बाद दूसरी ब्रांच से फाल्ट वाले क्षेत्र में बिजली आपूर्ति दी जाएगी। वहीं प्लान में बदलाव के तहत औद्योगिक क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जाएगी। ट्रांसफार्मर जलने और क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए उसे कवर किया जाएगा।
बिजनेस प्लान में ट्रांसफार्मर की सुरक्षा के लिहाज से कुछ बदलाव किए जा रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र को भी 24 घंटे बिजली देने की तैयारी भी प्लान में शामिल किया जाएगा--- अंबा प्रसाद वशिष्ठ, अधीक्षण अभियंता शहरी।
यह भी पढ़ें- बरेली: वाणिज्य विभाग की टीम ने बंडा में मारा छापा, 62 लाख की कर चोरी पकड़ी
