गोंडा: गल्ला मंडी में रखी जायेगी ईवीएम, सीसीटीवी कैमरे से लैस होगा परिसर
सुरक्षा को लेकर बनाई गई है तीन श्रेणियां, स्ट्रांग रूम का एसपी ने किया निरीक्षण
गोंडा, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में प्रयोग होने वाली ईवीएम मशीन में चुनाव के बाद नवीन गल्ला मंडी परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखी जाएगी। पूरे मंडी परिसर को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया जाएगा। ईवीएम की सुरक्षा को लेकर तीन श्रेणियां बनाई गई है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मंडी परिषद में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया और संबंधित अफसर को सुरक्षा के संबंध में दिशा निर्देश दिए।
नवीन गल्ला मंडी परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व मजबूत बैरिकेटिंग की व्यवस्था की गई है। स्ट्रांग रूम के सुरक्षा के लिए तीन घेरे आइसोलेशन कोर्डन, इनर कोर्डन व आउटर कोर्डन बनाये गए हैं। आइसोलेशन कोर्डन की सुरक्षा के लिए सशस्त्र सीमा बल की तैनाती की गई है जो 24 घंटे शिफ्ट वार पोल्ड ईवीएम की सुरक्षा करेगी। इनर कोर्डन की सुरक्षा के लिए आर्म्ड पुलिस की तैनाती की जायेगी तथा आऊटर कोर्डन के लिए सिविल पुलिस की ड्यूटी लगाई गयी है। जिनके द्वारा 24 घण्टे सतर्क दृष्टि रखते हुए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी। सम्पूर्ण सुरक्षा के लिए तैनात बलों का पर्यवेक्षण राजपत्रित अधिकारियों द्वारा की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों से संपूर्ण परिसर और स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी की जा रही है। कुल 41 कमरों में स्ट्राग रूम बनाया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत सम्पूर्ण स्ट्रांग रूम सुरक्षा के प्रभारी है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए फायर सर्विस की गाड़ी का व्यवस्थापन सुनिश्चित करने के साथ साथ मानक के अनुसार ड्यूटी लगाएंगे। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने लोकसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर स्ट्रांग रूम स्थल नवीन गल्ला मण्डी बडगाँव का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी ने कहा कि ड्यूटी में तैनात कर्मचारी ज्वलनशील वस्तुओं व तेल गैस या शार्ट सर्किट से लगने वाली आग पर नियत्रंण स्थापित करने वाले समस्त प्रकार के उपकरण रखेंगे। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत, उपजिलाधिकारी अंकित वर्मा, मण्डी सचिव मुकेश जायसवाल, नगर कोतवाल राजेश सिंह सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -गोंडा-सिद्धार्थनगर और कुशीनगर में मतदान संपन्न कराएगी खीरी पुलिस, 2805 पुलिसकर्मी रवाना
