बाजपुर: पत्नी के मायके जाने के बाद पति ने लगाई फांसी
बाजपुर, अमृत विचार। पत्नी के मायके जाने के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं मौत की घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
गुरुवार की देर रात्रि लगभग साढ़े दस बजे ग्राम बांसखेड़ी भजुवानगला निवासी रवि सिंह (24) पुत्र स्वरूप सिंह की परिजनों से मामली कहासुनी हो गई थी। इस पर रवि सिंह की पत्नी राधा तीन चार दिन बाद अपने मायके चली गई। इसी बीच पति रवि ने घर में चुन्नी का फंदा लगाकर पंखे से लटक कर अपनी जान दे दी।
इसके बाद से स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है। बताया जाता है कि रवि ने घटना से पहले अपने ससुराल वालों को फोन कर फांसी लगाने से पहले जानकारी दी थी। जब तक परिजन उसके करीब पहुंच पाते तब तक वह फांसी पर झूल चुका था। रवि सिंह का विवाह 2021 में दिनेशपुर चक्की मोड़ मलपुरी निवासी राधा (23) पुत्री लाल सिंह से हुआ था।
शादी के कुछ समय बाद दोनों में छोटी-छोटी बातों पर कहासुनी होने लगी थी। मृतक रवि राजमिस्त्री का कार्य करके अपना व अपने परिवार का पालन पोषण करता था। अपने पीछे माता-पिता व तीन भाई व दो बहनें, अपनी पत्नी व एक लड़के को रोता बिलखता छोड़ गया है।
