अब बरेली के इस गांव में ले पाएंगे छुट्टियों का मजा! बनेगा ईको टूरिज्म विलेज...मिलेंगी ये सुविधाएं

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

DEMO IMAGE

मोनिस खान, बरेली। शहर की भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर रहकर अक्सर लोग छुट्टियां प्रकृति के नजदीक गुजारना चाहते हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए वन विभाग की ओर से नई पहल की गई है, जिसके तहत ग्रामीण इलाकों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ईको टूरिज्म विलेज चिह्नित किए जा रहे हैं। वन विभाग ने फरीदपुर ब्लाक में आने वाले खल्लपुर वन खंड को ईको टूरिज्म विलेज के रूप में चिह्नित किया है। इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है।

फरीदपुर स्थित खल्लपुर वन खंड में घना जंगल है, इस वन खंड में खल्लपुर के अलावा कपूरपुर, नवदिया कल्याणपुर, वन सबलपुर ग्राम पंचायतें आती हैं। नजदीक ही रामगंगा नदी बहती है और गांव में तालाब हैं।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह जगह ईको टूरिज्म विलेज के रूप में सबसे मुफीद है। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पूरे क्षेत्र को इस तरह विकसित किया जाएगा कि लोग कुछ दिन यहां ठहर सकें। इसके लिए जगह-जगह ईको हट बनाई जाएंगी। सेल्फी प्वाइंट, वॉच टॉवर, प्रवेश व निकास द्वार का निर्माण किया जाएगा।

पर्यटन स्थल पर ईको फ्रेंडली साइनेज, ईको टॉयलेट, बैठने के लिए फर्नीचर, साइकिल व पैदल यात्रा के लिए पाथवे का निर्माण समेत अन्य कार्य किए जाएंगे। जगह-जगह ग्रामीण जीवन शैली पर आधारित मॉडल रखे जाएंगे, ताकि लोगों को परिवेश के बारे में समझने में आसानी हो।

ईको डेवलपमेंट समिति करेंगी संचालन
वन विभाग की ओर से ईको डेवलपमेंट समिति का गठन किया जाएगा। जिसके जरिए ईको टूरिज्म विलेज की व्यवस्था का संचालन किया जाएगा। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पर्यटन स्थल विकसित होने के साथ ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

गांव के बारे में रोचक जानकारी देंगे
ईको डेवलपमेंट समिति के सदस्यों का काम लोगों को गांव के बारे में रोचक बातें बताना और उनको ग्रामीण जीवनशैली के बारे में जानकारी देना होगा। साथ ही गांव में सालाना होने वाली फसलों, यहां पहने जाने वाले परिधान, विशेष खानपान, ग्रामीणों की दिनचर्या के बारे में पर्यटक जान पाएंगे।

विकासखंड फरीदपुर के खल्लपुर वन खंड को ईको टूरिज्म विलेज के रूप में चयनित किया गया है। आने वाले दिनों में यह पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। प्रस्ताव शासन को बनाकर भेज दिया गया है- विजय सिंह, मुख्य वन संरक्षक, रुहेलखंड जोन

यह भी पढ़ें- बरेली: 'कानून के आगे साजिशें हुईं असफल, मुसलमानों के हक की आवाज उठाते रहेंगे मौलाना तौकीर रजा'

संबंधित समाचार