बरेली: हेमलता हत्याकांड मामले में भ्रूण का होगा DNA टेस्ट, सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा
बरेली, अमृत विचार: हेमलता की हत्या के मामले में पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हेमलता तीन महीने की गर्भवती थी। अब पुलिस ने भ्रूण का डीएनए सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेज दिया है। पुलिस का शक पति पर ही गहराता जा रहा है, क्योंकि हत्या से पहले पति ने हेमलता का अल्ट्रासांउड कराया था, जिसमें वह गर्भवती निकली थी। यही वजह है कि पुलिस अब प्रेम प्रसंग से भी मामले को जोड़कर जांच कर रही है। वहीं पति लगातार बयान बदलकर पुलिस को उलझा रहा है।
शाही के गांव बकैनिया निवासी राजकुमार की शादी शीशगढ़ के गांव मल्सा खेड़ा की हेमलता के साथ हुई थी। मंगलवार को राजकुमार ससुराल से शाम साढ़े पांच बजे हेमलता को बाइक पर लेकर घर लौट रहा था। राजकुमार के मुताबिक दुनका से निकलने के बाद बकैनिया जाने वाले कच्चे चक रोड से गुजर रहा था।
इसी बीच शाम करीब सात बजे बदमाशों ने घेरकर बाइक रोक ली और लूटपाट शुरू कर दी। हेमलता ने जेवर उतरवाते समय विरोध किया तो सीने और गर्दन पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। मामले में शुरू से ही पुलिस की शक की सुई पति राजकुमार पर घूम रही है। पुलिस पति से रोजाना पूछताछ कर रही है। उस दौरान भी वह रोजाना हर 10 मिनट में अपना बयान बदल रहा है।
दो घंटे मिट्टी को छान कर खोखे को तलाशते रहे
शनिवार शाम छह बजे के करीब पुलिस व एसओजी टीम घटना स्थल पर पहुंची। इस दौरान एसपी देहात दक्षिणी मानुष पारीक की मौजूदगी में मजदूरों को बुलाया गया। जहां हेमलता का शव पड़ा था। उस जगह से करीब दो मीटर की दूरी तक मिट्टी खोदकर छानकर वारदात के वक्त इस्तेमाल किए गए कारतूस के खोखे की तलाश की गई, मगर सफलता नहीं मिली। करीब आठ बजे तक टीम डटी रही।
पति के साथ दोस्त रामबहादुर पर भी गहराया शक
पति राजकुमार के बाद उसके दोस्त रामबहादुर पर भी पुलिस का शक गहरा होता जा रहा है। पुलिस रामबहादुर से भी रोजाना पूछताछ कर रही है। राजकुमार का कहना है कि घटना के बाद उसने रामबहादुर व एक अन्य दोस्त को इसकी जानकारी दी थी। रामबहादुर का कहना है कि वह देर शाम को मिर्च तोड़ने का काम कर रहा था। लेकिन, उसके साथ काम करने वाले अन्य लोगों के साथ पूछताछ की गई तो सभी ने बताया कि वह शाम चार बजे ही वहां से पेमेंट लेकर जा चुका था। उसके बयानों में विरोधाभास है।
हत्या के बाद रामबहादुर की 15 मिनट में चार बार हुई बात
पुलिस ने हत्याकांड में संदिग्ध लग रहे सभी लोगों का कॉल डिटेल निकलवाई है। सीडीआर से साफ हुआ कि हत्या करीब सात बजे हुई थी लेकिन 7: 50 से लेकर 8 बजकर पांच मिनट तक रामबहादुर की चार बार राजकुमार से फोन पर बात हुई थी। दूसरी तरफ वह पहले पुलिस से कह रहा था कि उसकी फोन पर सिर्फ एक बार बात हुई थी। वह भी दोस्त ने उसे हत्या की सूचना दी थी। फिलहाल, पुलिस हत्याकांड का जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।
हेमलता तीन महीने की गर्भवती थी। भ्रूण के डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल लखनऊ भेजा गया है। पुलिस राजकुमार समेत अन्य से लगातार पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा- मानुष पारीक, एसपी देहात दक्षिणी
यह भी पढ़ें- बरेली: बॉम्बे हाईकोर्ट में दाखिल ब्योरे पर रबड़ फैक्ट्री के कर्मचारियों से मांगी सहमति, 21 दिन के अंदर मांगा जवाब
