संविधान में बदलाव देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी : अविनाश पांडे
बलिया। कांग्रेस पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने सोमवार को कहा कि संविधान में बदलाव को देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी और सभी लोग आखिरी दम तक संविधान की रक्षा करेंगे। कांग्रेस नेता पांडे ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ ('इंडिया') के विभिन्न घटक दलों के नेताओं की समन्वय बैठक के उपरांत संवाददाताओं से कहा ''संविधान की रक्षा आखिरी दम तक हम सब करेंगे।''
पांडे ने कहा ‘‘इस देश के संविधान को बदलने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जो कह रहे हैं..., उस संविधान ने देश के गरीबों, पिछड़ों, आदिवासियों, दलितों, अल्पसंख्यकों और समाज के हर वर्ग को स्वतंत्रता और आजादी के साथ ही सुरक्षा दी है। कांग्रेस प्रभारी ने दावा किया ''इस देश की जनता संविधान में बदलाव बर्दाश्त नहीं करेगी। यह संविधान लाखों लोगों की कुर्बानियां, शहादत के बाद डॉ भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में बना है। उस संविधान की रक्षा आखिरी दम तक हम सब करेंगे।''
उन्होंने कहा है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी देश में मातृ शक्ति की आवाज को बुलंद कर रही हैं। प्रियंका गांधी वाद्रा की सराहना करते हुए पांडे ने कहा ‘‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं' वह यह भावना और उद्देश्य को लेकर पूरी हिम्मत और विश्वास के साथ निकली थीं। देश की महिलाएं प्रियंका गांधी की आभारी हैं कि उन्होंने एहसास कराया है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।’’
बलिया में लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में एक जून को मतदान होगा जहां भारतीय जनता पार्टी ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर को अपना उम्मीदवार बनाया है। नीरज शेखर के मुकाबले ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दल सपा से सनातन पांडेय किस्मत आजमा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:-Live UP Lok Sabha Elections 2024: प्रतापगढ़ में राजा भैया ने किया मतदान, संजय दत्त बोले- सब लोग वोट जरूर करें...
