बाराबंकी :  कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ मतदान, चेकिंग के बाद गए वोटर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस और अर्धसैनिक बल रहा तैनात, प्रेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी व एसपी करते रहे भ्रमण

बाराबंकी, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में प्रशासन अलर्ट रहा। मतदान  केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। सुरक्षा के लिहाज से मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन प्रतिबंधित रहा। हालांकि इसके बाद भी वोटरों द्वारा वोटिंग के दौरान मोबाइल से फोटो और वीडिया बनाकर उसे सोशल मीडिया पर डालकर प्रशासन को चुनौती जरुर दी गई। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात रहा। प्रेक्षक, जिला निर्वाचन मजिस्ट्रेट और एसपी समेत आलाधिकारियों ने अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पहुंच कर वहां की स्थिति देखी।

लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। मतदान केेंद्रों पर मोबाइल लेकर पहुंचे मतदाताओं को मोबाइल फोन केंद्र के बाहर रखवाए गए और आईडी की जांच के बाद ही मतदाताओं को मतदान केंद्र पर प्रवेश दिया गया। लेकिन इसके बाद भी वोटर बूथ के अंदर मोबाइल ले जाकर अपने वोट की गोपनीयता भंग करते हुए ईवीएम में वोट डालने की फोटो व वीडिया बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।

ऐसे में प्रशासन की यह चूक भी सामने आई।  वहीं प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान के बारे में जानकारी ली। और वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की  लापरवाही न बरतने और जांच के बाद ही मतदाताओं को केंद्रों पर प्रवेश के निर्देश दिए। अधिकारी दिन भर मतदान केंद्रों के चक्कर लगाते रहे। जिले में संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। जिलास्तर पर बनाए गए कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों ने बूथों की निगरानी की। जिला निर्वाचन मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार, प्रेक्षक सामान्य आर.आर. दामोर, एसपी दिनेश सिंह समेत कई अन्य आलाधिकारियों ने भ्रमण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से चुनाव करया गया। जिले में कहीं पर कोई भी अप्रिय घटना नहीं हुई।

 

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार