बहराइच : अस्पताल में नहीं मिले डॉक्टर, महिला ने तड़प कर दम तोड़ा
दामाद के घर से वापस जाते समय वाहन की टक्कर में घायल हुई थी महिला
मोतीपुर, बहराइच, अमृत विचार। दामाद के घर से वापस गांव जा रही महिला को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में घायल महिला को आसपास के लोगों ने 10 किलोमीटर की दूरी तय कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गायघाट ले गए लेकिन यहां कोई स्टाफ ही नहीं मिला। पीएचसी द्वार पर ही तड़प कर महिला ने दम तोड़ दिया।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के बगहा पुरैना गांव निवासी लखपता देवी (60) पत्नी हीरालाल लोधी अपने दामाद मोतीलाल के यहां गई थी। सोमवार सुबह नौ बजे महिला को अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोग घायल पड़ी महिला को 10 किलोमीटर की दूरी तय कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गायघाट ले गए।
यहां पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में न डॉक्टर मिले और न ही स्टाफ नर्स। घायल महिला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर घायल अवस्था में तड़पती रही और कुछ देर में ही उसकी मौत हो गई। इलाज के अभाव में महिला की मौत पर लोग सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में सीएमओ डॉ राजेश कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सूचना मिली है। जांच करवाकर कार्यवाई की जायेगी।
