पीलीभीत: अवैध खनन की सूचना पर पहुंची टीम तो भागे आरोपी, जेसीबी मशीन गड्डे में फंसकर पलटी...दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। पूरनपुर तहसील क्षेत्र में नायब तहसीलदार पर खनन माफियाओं की ओर से किए गए जानलेवा हमले के बाद भले ही प्रशासन की ओर से सख्ती का दावा किया गया हो, लेकिन जनपद भर में खनन करने वाले बेखौफ होकर धंधा कर रहे हैं। आए दिन किसी न किसी स्थान पर अवैध खनन से जुड़े मामले पकड़े जा रहे हैं। अब जहानाबाद क्षेत्र से मामला सामने आया। 

अवैध खनन की सूचना पर टीम ने छापामारी की लेकिन टीम की भनक लगते ही आरोपी भाग निकले। इस दौरान जेसीबी मशीन गड्डे में गिर गई। टीम ने मौके पर मिले दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। खनन अधिकारी के मुताबिक अवैध खनन करने वालों की तलाश को टीम लगी है।

जनपद में तमाम सख्ती के बाद भी अवैध खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिन पूर्व पूरनपुर के सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर छापेमारी करने गए एक नायब तहसीलदार को खनन करने वालों ने तलवार लेकर दौड़ा लिया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। इसके बावजूद अभी भी लगातार अवैध खनन के मामले सामने आ रहे हैं। 

रविवार शाम अधिकारियों को सूचना मिली कि जहानाबाद थाना क्षेत्र के मीरापुर एहतमाली गांव के समीप देवहा नदी की डबरी में अवैध खनन किया जा रहा है। इस पर सदर तहसील क्षेत्र के नायब तहसीलदार हरीशंकर पटेल एवं खनन अधिकारी अशोक कुमार ने टीम के साथ रात करीब 11.30 बजे बताए गए स्थान पर छापा मारने पहुंचे। 

बताते हैं कि टीम के आने की भनक लगते ही अवैध खनन करने वाले भाग खड़े हुए। टीम ने मौके पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत एक जेसीबी मशीन को कब्जे में लिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी मशीन को पुलिस के सुपुर्द किया गया है। खनन अधिकारी के मुताबिक अवैध खनन करने वालों की सुरागकसी की जा रही है। यदि आरोपी पकड़े जाते हैं तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: बाइक से टकराने के बाद पलटा ई-रिक्शा, वृद्धा की मौत, चार घायल...गुस्साए परिजन ने नहीं उठने दिया शव

 

संबंधित समाचार