पीलीभीत: बाइक से टकराने के बाद पलटा ई-रिक्शा, वृद्धा की मौत, चार घायल...गुस्साए परिजन ने नहीं उठने दिया शव
बरखेड़ा,अमृत विचार: पौटाकलां-करोड़ मार्ग पर विक्रमपुर गांव के पास सवारियों से भरा ई-रिक्शा बाइक से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा में दबकर एक वृद्धा की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। ई-रिक्शा चालक मौके से भाग गया।
गुस्साए परिवार वालों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए एक घंटे तक शव नहीं उठने दिया। ई-रिक्शा चालक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बमुकश्किल पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से परिजन को शांत कराया। जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। हादसे के चलते मौके पर भीड़ जमा रही।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम जार कल्लिया की रहने वाली प्रेमवती (60) पत्नी कुंदनलाल दो दिन पहले रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम फरदिया गई थी। दो दिन वहां पर रुकी। जिसके बाद सोमवार को वापस घर लौट रही थी।
वह ई-रिक्शा पर सवार होकर गांव जा रही थी। कई अन्य सवारी भी ई-रिक्शा पर बैठी हुई थी। पौटा-करोड़ मार्ग पर विक्रमपुर गावं के पास पहुंचते ही बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पलट गया। जिसमें दबकर प्रेमवती की मौत हो गई। जबकि ई-रिक्शा सवार ग्राम जार कल्लिया निवासी फरजाना, ग्राम खजुरिया पचपेड़ा निवासी गीता देवी, उनका बेटा तेरह वर्षीय अमित कुमार और बाइक सवार न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम जौनापुरी निवासी कुंवरसेन घायल हो गए।
इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी बरखेड़ा भिजवा दिया। मृतक की शिनाख्त कर परिवार वालों को भी सूचना दे दी गई। कुछ ही देर में परिजन ग्रामीणों संग और ई-रिक्शा चालक को मौके पर बुलाने की मांग रख दी।पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने को उठाना चाहा तो इनकार कर दिया। करीब एक घंटे तक शव उठने नहीं दिया गया। हालांकि बाद में बरखेड़ा पुलिस ने स्थानीय लोगों संग मिलकर परिवार को कार्रवाई को लेकर संतुष्ट करते हुए शांत कराया।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: अयोध्यापुरम के लोगों को सता रही घर बचाने की चिंता, निजी खर्च पर शुरू कराए काम...नासूर बना नाला निर्माण
