बलरामपुर : मां ने बेटी की गला रेत कर की हत्या
उतरौला/बलरामपुर अमृत विचार।स्थानीय नगर के गांधीनगर मोहल्ला निवासी मानसिक मंदित मां ने पंद्रह माह की बेटी का गला रेतकर हत्या कर दी। बाद में खुद का गला रेत लिया। डाक्टरों मां की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पति राहिल ने बताया कि उसका घर अल्माइटी स्कूल के बगल है। परिवार में पत्नी नादिया खातून 32 छह वर्षीय पुत्र मोहम्मद शहरान पांच वर्षीय पुत्री हाजिरा शहरीन व पंद्रह माह की बेटी किसबा के साथ रहता है। वह रोज की भांति सुबह मजदूरी करने निकल गया था।
दोपहर लगभग तीन बजे पड़ोसियों ने सूचना मिली की उसके घर घटना हो गई है। मौके पर पहुंचा तो देखा कि पत्नी गंभीर अवस्था में पड़ी है। और बेटी किसबा खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी है। बताया कि पत्नी मानसिक मंदित है। जिसका मनोचिकित्सक से इलाज चल रहा है। पड़ोसियों ने बताया कि दिन में तीन बजे राहिल का पुत्र मोहम्मद शहरान घर से बदहवास चिल्लाता हुआ निकला।
कारण पूछने पर बताया कि मां ने मुझे मारने पीटने के बाद छोटी बहन का गला रेत दिया है ।बाद मे खुद का गला काट लिया है। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंच कर देखा तो किसबा खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी। नादिया खातून भी खून से लथपथ गंभीर अवस्था में पड़ी थी। सभासद प्रतिनिधि अबू तोराब ने पुलिस को सूचना दी । एंबुलेंस बुलाकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्साधिकारी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि किसबा मृत अवस्था में आई थी। नादिया की गंभीर अवस्था को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। सीएचसी उतरौला में अपर पुलिस अधीक्षक योगेश व क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार सिंह यादव ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
