बरेली: एक ही रात में चोरों ने सात दुकानों को बनाया निशाना, सीसीटीवी फुटेज में दिखे चोर
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस से जताई नाराजगी
नवाबगंज, अमृत विचार। कस्बे में चोरों ने एक ही रात में आधा दर्जन दुकानों के ताले तोड़कर हजारों की नकदी और सामान समेट लिया। वहीं, एक स्थान पर वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। चोरी की घटनाओं पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आक्रोश जताया है।
कोतवाली के समीप मुख्य मार्ग पर चोरों ने सुरजीत के जनरल स्टोर के ताले तोड़कर सामान चुराया। इसके बाद सब्बल से कैलाश मेडिकल स्टोर का शटर उठाकर गल्ले से नकदी चुरा ली। इन चोरों ने स्टेशन रोड मुंशी लाल किराना स्टोर, लक्ष्मी मेडिकल स्टोर को भी निशाना बनाया। नकदी और सामान चुराया। इसके बाद शोभित गुप्ता के साड़ी और आभूषण शोरूम के ताले तोड़कर
दो सौ ग्राम से भी अधिक चांदी चुरा ली। इससे पहले इन चोरों ने बाईपास पर आसिम हुसैन व उसके भाई मोहसिन हुसैन की चाय और मिठाई की दुकान में चोरी की। तहसील रोड पर मनु गुप्ता के पनीर स्टोर के ताले तोड़ कर डेढ़ लाख रुपये चुरा लिए। इन घटनाओं से व्यापारियों में खलबली मच गई। पुलिस मार्ग किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुट गई। स्टेशन मार्ग पर मुंशीलाल की दुकान के सामने सीसीटीवी फुटेज में पल्सर बाइक से तीन युवक आते हैं। ये ताले तोड़कर चोरी करते नजर आते हैं।
हालांकि, फुटेज में बाइक नंबर साफ नहीं देख रहा है। इनमें से एक आरोपी ने काले कपड़े से चेहरे को ढक रखा था। दूसरे ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था, जबकि तीसरा बाइक पर बैठा था। उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रमोद आनन्द, मन्त्री प्रेम प्रकाश रस्तोगी आदि ने चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई है। पुलिस से गश्त बढ़ाने और घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- MJPRU: इंजीनियरिंग के नए पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए जल्द होंगे आवेदन
