मुरादाबाद : 500 परिवारों पर मंडराया उजड़ने का खतरा, लाइनपार के निवासियों ने मंडलायुक्त से लगाई गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लाइनपार के निवासियों ने की मंडलायुक्त से मुलाकात

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के अन्तर्गत चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य से लाइनपार के 500 परिवारों पर उजड़ने का खतरा मंडरा रहा है। सोमवार को लाइनपार के निवासियों ने मंडलायुक्त से मिलकर गुहार लगाई।

लाइनपार निवासी रविशंकर गौतम, राजपाल सिंह, जगदीश सरन, विशेष शर्मा, राजकुमार यादव सहित मोहल्ले के लोगों ने मंडलायुक्त से मिलकर ज्ञापन दिया। इसके माध्यम से बताया कि मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के अन्तर्गत लाइनपार मोहल्ले में चौधरी चरण सिंह चौक से लेकर कैल्टन स्कूल की पुलिया (पंप) तक सड़क चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। इसमें उनके घर व दुकान को तोड़ने के लिए चिह्नित किया गया है। जबकि लाइनपार मझोला सदियों से बसा है। सड़क के दोनों तरफ नाला बना है।

नगर निगम की ओर से डिवाइडर के दोनों तरफ 20 फीट चिह्नित कर निशान लगाया गया है। जबकि मौके पर डिवाइडर से दोनों तरफ 12-12 फीट चौड़ी सड़क है। मंडलायुक्त से अनुरोध किया कि सड़क पर्याप्त चौड़ा है इसलिए लाइनपार मझोला के वर्षों से बसे 500 परिवारों को उजाड़ा न जाए। ज्ञापन देने वालों में सुमित, सोनू, प्रतीक चौहान, अतर सिंह, सत्यप्रकाश विश्नोई, हिमांशु, गजेंद्र सैनी, देवेंद्र सैनी, संजीव कुमार सैनी सहित अन्य लोग शामिल रहे।

वहीं मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह का कहना है कि किसी को उजाड़ना व बेरोजगार करना उद्देश्य नहीं है। लाइनपार क्षेत्र की उपेक्षा की शिकायतें मिलती रहीं हैं। हमारा प्रयास है कि इस क्षेत्र को समग्र रूप से विकसित किया जा सके। लाइनपार क्षेत्र के लोगों की पीड़ा को लेकर नगर आयुक्त से बात करेंगे। यदि विकास के लिए अतिक्रमण में कोई प्रभावित होता है तो उसको दूसरी तरह विस्थापित कर उसके हित की रक्षा की जाएगी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : आरओबी का निर्माण शुरू, अभी लागू नहीं हुआ रुट डायवर्जन...जानिए क्यों?

संबंधित समाचार