रायबरेली: नहर के किनारे पेड़ से लटकता मिला भट्ठा श्रमिक का शव, ग्रामीणों में सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खीरों/रायबरेली, अमृत विचार। मंगलवार को सुबह शारदा सहायक पुरवा ब्रांच नहर के किनारे खांडेपुर गांव के पुल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बबूल के पेड़ से रस्सी के सहारे एक भट्ठा श्रमिक का शव लटकता मिला। जिसे देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों से जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है। 

शाहजहांपुर जिले के थाना क्षेत्र खुदागंज के गांव गईली निवासी खुशीराम कुशवाहा ने बताया कि वह विगत लगभग चार महीने पूर्व से अपनी पत्नी रामबेटी, पुत्र दीपक कुशवाहा, बेटी अंजली कुशवाहा के साथ खीरों के एक ईंट भट्ठे के लिए शारदा सहायक पुरवा ब्रांच के पास खांडेपुर गांव के पुल के पास ईंट पथाई का काम करता है। उसकी बेटी अनीता, सची, रुचि, पूनम अपनी ससुराल में और बेटा सुनील व बहू घर पर रहते हैं। दो महीने बाद बेटे दीपक कुशवाहा की भी शादी होनी थी।

सोमवार को रात लगभग आठ बजे उसका बेटा दीपक कुशवाहा (22) खाना खाने के बाद अचानक झोपड़ी से निकल गया। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की। लेकिन कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार को सुबह लगभग सात बजे ग्रामीणों की सूचना पर परिजन घटनास्थल पहुंचे तो दीपक कुशवाहा का शव नहर के किनारे रस्सी के सहारे बबूल के पेड़ से लटकता मिला।

शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस घटना से सभी परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है। शिकायती पत्र मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

यह भी पढ़ें:-रायबरेली: लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

 

संबंधित समाचार