मुरादाबाद: पत्नी ने शराबी पति को चारपाई से बांधकर डंडों से पीटा, मौत

पुलिस ने आरोपी पत्नी को किया गिरफ्तार

मुरादाबाद: पत्नी ने शराबी पति को चारपाई से बांधकर डंडों से पीटा, मौत

बिलारी/मुरादाबाद, अमृत विचार। तहसील क्षेत्र के निकटवर्ती गांव कनोबी में शराब पीकर लौटे पति पर पत्नी इतनी क्रोधित हो गई कि पति को चारपाई से बांध कर उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा और डंडे से पिटाई की। रात भर पति चारपाई से बंधा रहा। 

सुबह पता चला कि पति नेपाल सिंह के शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही है। इस बीच आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और नेपाल को डॉक्टर के पास ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।  

कनोबी गांव निवासी भीकम सिंह के दो बेटे नेपाल सिंह उर्फ भोला व धर्मेंद्र हैं। दोनों ही खेती करते हैं। नेपाल सिंह (35) शराब पीने का आदी था। जिसके कारण घर में पत्नी विनीता से रोजाना कहासुनी होती थी। नेपाल के दो बच्चे 10 साल का आशीष व 5 साल का सचिन है। लोगों का कहना है कि अक्सर विनीता नेपाल के शराब पीने से परेशान होकर उसे डंडे से पीटती थी। 

21 मई की रात को भी नेपाल शराब पीकर घर लौटा तो पत्नी विनीता से झगड़ा हो गया। विनीता को इतना गुस्सा आया कि उसने पति नेपाल को चारपाई से बांधकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा और डंडे से खूब पीटा। बाद में बराबर वाले कमरे में जाकर सो गई। नेपाल चारपाई से ही बंधा रहा। सवेरे 4 बजे विनीता उठी तो पति को खामोश देखकर उसे हिलाया। मगर कोई प्रतिक्रिया न होने पर चिल्लाई तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। 

बाद में डॉक्टर ने नेपाल को मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने  घर में मौजूद नेपाल के 5 साल के बेटे सचिन से पूछताछ की तो उसने सारा राज खोल दिया। बाद में पुलिस ने विनीता को गिरफ्तार कर लिया। मृतक के भाई धर्मेंद्र ने विनीता के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

ये भी पढ़ें- मुरादाबाद: राप्ती गंगा ट्रेन में हुई चोरी का खुलासा, एक शातिर चोर गिरफ्तार