हल्द्वानी: 1500 जवानों को लेकर रवाना हुई बसें, यात्री परेशान

हल्द्वानी: 1500 जवानों को लेकर रवाना हुई बसें, यात्री परेशान

हल्द्वानी, अमृत विचार। राजधानी दिल्ली में 25 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव में ड्यूटी के लिए कुमाऊं से 1500 होमगार्ड बुधवार को परिवहन निगम की बसों से रवाना किये गए। इसमें 800 जवान अल्मोड़ा, बागेश्वर व नैनीताल जिले के हैं। एक साथ 25 बसों के चले जाने से हल्द्वानी और काठगोदाम डिपो में यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।  

चुनाव ड्यूटी में भेजी गईं 25 बसों में 15 बसें हल्द्वानी और 10 बसें काठगोदाम डिपो की हैं।  दिल्ली के लिए हल्द्वानी स्टेशन से प्रतिदिन हजारों यात्री आवागमन करते हैं। हल्द्वानी डिपो की 20 से 25 बसें प्रतिदिन दिल्ली के लिए जाती हैं, लेकिन बुधवार को केवल 10 बसों को भेजा गया।

बसों को चुनाव ड्यूटी में भेजने से यात्रियों को कई घंटे तक स्टेशन में खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ा। हल्द्वानी स्टेशन इंचार्ज इंद्रा भट्ट ने बताया कि बुधवार को यात्रियों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही, जिससे अधिक परेशानी नहीं हुई। यात्रियों को अलग-अलग समय में बसों से रवाना किया गया।

दिल्ली में मतदान संपन्न होने के बाद सभी जवान हिमाचल जाएंगे। एक जून को हिमाचल में चुनाव संपन्न होने के बाद दो जून को वह वापस लौटेंगे। एक जवान को 600 रुपये खाना समेत प्रतिदिन 1500 रुपये दिए जाएंगे। होमगार्ड विभाग के कुमाऊं कमांडर ललित मोहन जोशी ने बताया कि दिल्ली व हिमाचल से होमगार्ड जवानों की डिमांड की गई थी। चुनाव ड्यूटी करने के लिए सभी इच्छुक जवानों से आवेदन मांगे गए थे, जिस पर 1500 जवानों ने बाहरी राज्यों में जाने की इच्छा जताई। जवानों के साथ अधिकारी वर्ग को भी भेजा गया है।