बरेली: 8 बार के सांसद संतोष गंगवार की पत्नी का निधन, अस्‍पताल में चल रहा था इलाज

घर पर उमड़ी लोगों की भीड़, सीएम योगी ने जताया दुख

बरेली: 8 बार के सांसद संतोष गंगवार की पत्नी का निधन, अस्‍पताल में चल रहा था इलाज

बरेली, अमृत विचार। बरेली लोकसभा सीट से भाजपा के 8 बार सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की पत्नी सौभाग्यवती गंगवार का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। वह 72 वर्ष की थीं। अर्बन कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष सौभाग्यवती गंगवार की बृहस्पतिवार रात में तबियत खराब हुई, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया।

डॉक्टरों ने बताया कि निम्न रक्तचाप व हल्के बुखार की शिकायत है। रात दो बजे बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उनकी अंतिम यात्रा भारत सेवा ट्रस्ट से 4 बजे सिटी श्मशान भूमि प्रस्थान करेगी। बता दें कि सौभाग्यवती गंगवार अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष भी थी।

इस दु:खद घटना के बारे में पता चलते ही संतोष गंगवार के घर पर उनके जानने वाले, शुभचिंतक, रिश्‍तेदारों और समर्थकों की भीड़ जुट गई है। भारत सेवा ट्रस्ट पहुंचने वालों में विधायक डॉक्टर डीसी वर्मा, पूर्व विधायक  बी.लाल मौर्य,  पूर्व मेयर प्रत्याशी देवेश् गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक लाल बहादुर गंगवार, वीरेंद्र गंगवार, सांसद प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री छत्रपाल सिंह, कुंवर सुभाष पटेल, रश्मि पटेल सहित भारतीय जनता पार्टी के समस्त पदाधिकारी सहित हजारों की भीड़ श्रद्धांजलि देने पहुंची। आज शाम को 4:00 बजे सिटी शमशान भूमि पर उनकी अंत्येष्टि की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगवार के निधन पर शोक जताया है। उन्होने एक्स पर पोस्ट किया “ भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री, माननीय सांसद श्री संतोष गंगवार जी की धर्मपत्नी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति। वरिष्ठ नेता भाजपा और मौजूदा सांसद की पत्नी के निधन की जानकारी मिलते ही भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने दुख प्रकट किया 

ये भी पढ़ें- बरेली: हेमलता हत्याकांड...पिता का बरामद जेवर बेटी के होने से साफ इन्कार, हत्या के पीछे विवाद की लंबी कहानी

ताजा समाचार