Kanpur: खोदाई कार्य के दौरान टूटी थी पेयजल लाइन, भीषण गर्मी में 12 मौहल्ले पानी को तरसे, कल से जल आपूर्ति होगी सामान्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। मालरोड में गुरुवार को फटी पेयजल लाइन को जलनिगम ने शुक्रवार देर रात ठीक कर दिया। अब शनिवार सुबह से फूलबाग जोनल पंपिंग स्टेशन से पानी की सप्लाई सामान्य होगी। शुक्रवार को पेयजल की सप्लाई न होने की वजह से 12 मौहल्लों में रहने वाली 50 हजार आबादी परेशान रही। 

इटावा बाजार, फूलबाग, कुरसवां, पटकापुर, हुलागंज में रहने वाले लोगों को सबमर्सिबल के सहारे रहना पड़ा। कई मौहल्लों में पेयजल के लिये सुबह-शाम लाइन भी देखी गई। जलनिगम के अवर अभियंता अनुराग सिंह ने बताया कि शनिवार से फूलबाग जेडपीएस से पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी।

रिजर्व बैंक मालरोड के सामने गुरुवार को सड़क पर फव्वारा फट गया था। लाइन फटने की जानकारी मिलते ही बैराज प्लांट से जोनल पंपिंग स्टेशन फूलबाग से होने वाली जलापूर्ति बंद कर दी गई। जिससे प्लांट से जुड़े 12 मौहल्लों में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। जलकल के अधिकारी जब मौके पर पहुंचे तो पता चला केस्को ने खोदाई कार्य के दौरान जलनिगम की पेयजल लाइन को तोड़ दिया है, और मजदूर भाग खड़े हुये। 

जलनिगम ने शनिवार को पेयजल लाइन को जोड़ने के लिये खोदाई कार्य शुरू किया। मजदूरों ने देर रात तक पाइप लाइन को पूरी तरह से ठीक कर दिया। अब शनिवार सुबह से पेयजल की सप्लाई लाइन से शुरू कर दी जायेगी। जिससे गर्मी में पानी से परेशान लोगों को राहत मिलेगी।

सरोजनी नगर में एक दिन बाद शुरू हुई पानी की सप्लाई     

सरोजनी नगर में फटी जलकल की 10 इंच की पेयजल लाइन की मरम्मत शुक्रवार को हो गई। सुबह-सुबह ही जलकल ने लाइन की मरम्मत कर दी। इसके बाद पानी की सप्लाई भी शुरू हो गर्ठ है। गुरुवार को पाइपलाइन फटने से फजलगंज शनिदेव मंदिर चौराहे पर जलभराव हो गया था। जलभराव के बीच से ही दिनभर राहगीर निकलते रहे। जलकल जोन 6 के जेई सुशील कुमार मौर्य ने बताया कि सरोजनी नगर और लाजपत नगर में कुछ हिस्सों में प्रभावित जलापूर्ति सामान्य हो गई है।

यह भी पढ़ें- Kanpur Online Fraud: शातिरों ने घर बैठे ट्रेडिंग से कमाई का दिया झांसा, महिला से ठगे लाखों रुपये, दो आरोपी गिरफ्तार

 

संबंधित समाचार