कानपुर: मामले की जांच की जाए, जो दोषी हो उस हो कार्रवाई...इरफान सोलंकी की पत्नी ने की प्रेसवार्ता 

वादिनी की ओर से लगाए गए आरोपों को बताया बेबुनियाद

कानपुर: मामले की जांच की जाए, जो दोषी हो उस हो कार्रवाई...इरफान सोलंकी की पत्नी ने की प्रेसवार्ता 

कानपुर, अमृत विचार। आगजनी मामले में नजीर फातिमा की बेटी द्वारा विरोधी पक्ष की ओर से दबाव बनाने का आरोप लगाए जाने के बाद शनिवार को इरफान की पत्नी नसीम सोलंकी ने मोर्चा संभाला। नसीम ने कहा कि हम पिछले 18 महीनों से खुद परेशान हैं, हम उन्हें क्यो धमकाएंगे। उन्होंने कहा कि कोर्ट मामले की जांच करा ले, इसके बाद जो दोषी हो उस पर कार्रवाई करे। 

जाजमऊ आगजनी मामले में नजीर फातिमा की बेटी कनीज जेहार ने सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट के मुख्य न्यायधीश और प्रशासनिक न्यायमूर्ति, जिला जज को पत्र लिखा था। कनीज  का कहना था कि छह महीने में मुकदमें का निस्तारण होना था, लेकिन डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी फैसला नहीं आया है। आरोप लगाया था कि विरोधी पक्ष लगातार परिवार पर दबाव बना रहे हैं। शनिवार को सपा विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी, मां और उनके वकील शिवाकांत दीक्षित ने वादिनी के आरोपों को गलत बताया है।

नसीम सोलंकी ने कहा कि गुरूवार को हमने वादिनी का बयान देखा था। जिसमें मेरे परिवार पर इल्जाम लगाया गया था। जिसमें कहा जा रहा था कि हम डरा धमका रहे हैं। यह आरोप पूरी तरह से गलत हैं। हम लोगों ने ज्यादा वादी पक्ष परेशान है क्या, हमारे परिवार के दो सदस्य जेल में हैं। महाराजगंज का सफर हम कर रहे हैं। वादी पक्ष तो अपने घर में परिवार में साथ में है। हम लोग खुद परेशान हैं, तो उनको क्यों परेशान करेंगे। न्यायलय पर भरोसा रखें, यदि हम लोग सही होंगे तो हमारे साथ इंसाफ होगा। यदि हम गलत होंगे तो उसकी सजा मिलेगी। इसकी जांच करा ली जाए कि हम लोगों की कोई कॉल गई हो। जिससे उनको धमकाया गया हो। हमारी लोकेशन देखी जाए।

वकील शिवाकांत दीक्षित ने बताया कि वादिनी जो पत्र लिखकर आरोप लगा रही हैं। इसमें एक रोचक बात है कि मुकदमा तो खत्म हो गया। अब किसी को धमकाना, समझाना इसका हमें क्या लाभ और क्या हानि होगी। आप की गवाही हो चुकी है। जो आरोप लगाने थे लगा चुके हैं। पूरा शहर सीसीटीवी प्रोटेक्टेट है। इसकी जांच कराई जाए कि किसके इशारे पर न्यायलय को प्रभावित कर रही हैं। यह उनका न्यायलय को प्रभावित करने का असफल प्रयास है।

ये भी पढ़ें- Kanpur: ब्लॉक संविदाकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में होटल में मौत, दोस्तों संग इटावा से आया था शहर