बरेली: अलीगंज में शिकारी ने की मोर की हत्या, ग्रामीणों ने बंधक बनाकर पीटा...वीडियो वायरल
बरेली/अलीगंज, अमृत विचार। अलीगंज थाना क्षेत्र के नौगवां गौंटिया में एक शिकारी ने मोर की हत्या कर दी। शिकारी मोर को बोरे में बंद कर ले जा रहा था तो गांव वालों ने उसे पकड़कर बंधक बना लिया और उसकी जमकर पिटाई की। शिकारी की पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। आंवला रेंजर शिशुपाल बिष्ट ने मामले की जांच डिप्टी रेंजर को सौंपा है। जांच रिपोर्ट के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
गांव नौगवां गौंटिया के पास 8 मई की दोपहर को राष्ट्रीय पक्षी को 35 साल के एक शिकारी ने मार दिया। वह मोर को बोरी में भरकर ले जा रहा था। जानकारी पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और शिकारी के गले में कपड़े का फंदा डाल दिया और उसकी जमकर पिटाई की। शिकारी हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा। इस दौरान किसी ने पिटाई का वीडियो बना लिया जो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में शिकारी को तीन-चार युवक पीटते दिख रहे हैं लेकिन उनका चेहरा नहीं दिख रहा है। एक युवक के हाथ में बेल्ट भी है।
मामले की जांच डिप्टी रेंजर को दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी -शिशुपाल बिष्ट, आंवला रेंजर
मोर की हत्या की वन विभाग जांच करा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी -मानुष पारीक, एसपी दक्षिणी
ये भी पढ़ें- बरेली: पांच दिन बाद गर्मी की छुट्टियां, मगर परीक्षाएं जारी रहेंगी
