Kanpur: क्या इस तरह शहर बन सकेगा स्मार्ट सिटी? ट्रांसफर स्टेशन में लगा मिला ताला, बाहर बजबजा रहा कूड़ा, राहगीर परेशान

Kanpur: क्या इस तरह शहर बन सकेगा स्मार्ट सिटी? ट्रांसफर स्टेशन में लगा मिला ताला, बाहर बजबजा रहा कूड़ा, राहगीर परेशान

कानपुर, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी में स्मार्ट तरह से कूड़े का निपटान नहीं हो पा रहा है। सॉलिड वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन में ताला लगा होने की वजह से सफाई कर्मचारी बाहर की कूड़ा फेंक जा रहे हैं। ट्रांसफर स्टेशनों में मशीनरी न लगी होने की वजह से कूड़े का स्मार्ट तरीके से स्टोर नहीं हो पा रहा है। इससे राहगीरों को गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। निराला नगर में बनकर तैयार ट्रांसफर स्टेशन पर ताला जड़ा है। इसी तरह किदवई नगर संजय वन, बाकरगंज, जाजमऊ में, परमपुरवा, सूटरगंज, कल्याणपुर में बने ट्रांसफर स्टेशनों के बाहर ताला लगा हुआ है। इससे समस्या पहले जैसी ही बनी हुई है।

कानपुर में खुले में कूड़ा घरों को खत्म कर नगर निगम ने 72 स्मार्ट कूड़ाघर (सॉलिड वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन) बनवा रहा है। निर्माण के लिए 16 अक्टूबर 2023 को साई बिल्डर्स को वर्क ऑर्डर जारी किया गया। कंपनी ने नगर आयुक्त से शिकायत करते हुए कहा है, कि कई जगहों पर आम जनता की आपत्ति के बाद काम बंद करना पड़ा। वहीं, कई जगहों पर पास स्थित सरकारी विभाग द्वारा काम रुकवा दिया गया। इससे निर्माण कार्य पूरा करने में देरी हो रही है। वहीं, जो बन गये हैं उनको हस्तांतरित नहीं किया जा पा रहा है। 

इससे सफाई कर्मचारी सड़क पर ही कूड़ा डंप कर रहे हैं। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के अनुसार शहर को कूड़ा फ्री बनाने को लेकर 31 ट्रांसफर पूरी तरह से बनकर तैयार भी हो चुके हैं, और 20 ट्रांसफर स्टेशन शहर के अलग-अलग जोनों में बनाये जा रहे हैं। जबकि 11 ट्रांसफर स्टेशन का काम रुका पड़ा है। वहीं इनमें से 9 ट्रांसफर स्टेशनों में स्मार्ट तरीके से कूड़ा संग्रहण शुरू हो गया है। जोन एक में सबसे ज्यादा सात जगह ट्रांसफर स्टेशन बनाया जाना है। एक स्टेशन को बनाने में नगर निगम कुल 13 लाख 82 हजार रुपये खर्च करेगा। 

नौ जगह पीसी कॉम्पैक्टर रख दिये 

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय संखवार ने कहा कि 34 जगह पीसी कॉम्पैक्टर प्रस्तावित हैं। इसमें नौ जगह पीसी कॉम्पैक्टर रख दिये गये हैं। पांच अलग-अलग कंपनियों को ठेका दिया गया है। अब शहर में प्रतिदिन 300 मीट्रिक टन कूड़ा सीधा कंटेनरों में बंद किया जा रहा है। द्वारिकापुरी, भैरोघाट, ग्रीन पार्क के पीछे सिविल लाइंस, बजरिया, संगीत टाकीज के बगल में टेनरी, डीप्टी पड़ाव के पीछे कंजरिया, एलआईसी फूलबाग, बबुपुरवा एनएलसी चौकी, एमआईजी तिराहा पनकी में पीसी कॉम्पैक्टर के जरिये कूड़ा एकत्र किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: गंगा को प्रदूषित कर रहे अनटैप्ड सीवेज नाले, इन घाटों पर बरती जा रही लापरवाही...जुर्माने के बाद भी समस्या बरकरार