पीलीभीत: शिकायत पत्र से नहीं चलेगा काम, शपथ पत्र पर जिम्मेदार कराएंगे जांच...अटकी कार्रवाई
पीलीभीत, अमृत विचार: अयोध्यापुरम कॉलोनी में कराए जा रहे नये नाले के निर्माण में गुणवत्ताहीन कार्य होने का आरोप लगाते हुए की गई शिकायत अभिलेखों में ही दबकर रह गई। सात दिन बाद भी कोई जांच करने के लिए पहुंचा ही नहीं। जिम्मेदारों का तर्क है कि शिकायतकर्ताओं से शपथ पत्र मांगा गया है। उसी के बाद जांच की शुरुआत की जाएगी।
टनकपुर हाईवे से सटी अयोध्यापुरम कॉलोनी में नये नाले का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। अभी तक किए गए नाला निर्माण के दौरान जब पानी का रिसीव होने लगा और घरों में सीलन होने लगी तो कॉलोनी के लोगों ने विरोध जताया था। बीस मई को कलेक्ट्रेट पहुंचकर नाला निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व ऋतु पूनिया से लिखित शिकायत की गई थी।
जिसमें आरोप था कि नाला सही से नहीं बन रहा है। सीमेंट कम डालने, सरिया की क्वालिटी के साथ ही ऊंचा-नीचा बनाने आदि के आरोप लगे थे। ये भी कहा गया था कि जितना निर्माण हुआ है, उसमें अभी से दरारें पड़ गई है, जिनसे पानी का रिसीव हो रहा है।
इसकी जांच कराने की मांग की गई थी। इस मामले में उस वक्त सिटी मजिस्ट्रेट और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया था। मगर अब सात दिन बीतने के बाद भी कोई जांच टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी है। जिससे मामला दबाए जाने की चर्चाएं हो रही थी। हालांकि अब जिम्मेदारों ने अब तक जांच न होने के पीछे शपथ पत्र न होना बताया है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: जनता इंटर कॉलेज का हाल...प्रधानाचार्य न प्रवक्ता, चौपट हो रहा बच्चों का भविष्य, सुधार पर नहीं ध्यान
