लखीमपुर-खीरी: प्रेमिका से मिलने घर पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, हत्यारोपी फरार
घायल अवस्था में युवक ने यूपी 112 पुलिस को किया फोन
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव मिर्जापुर में मंगलवार की तड़के अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को लड़की के घर वालों ने पकड़ लिया और उसे घर के अंदर पकड़ ले गए, जहां उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। किसी तरह से युवक ने अपने मोबाइल से यूपी 112 पुलिस को खबर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे लड़की के घर से बाहर निकाला। पुलिस उसे अस्पताल ले जाती। इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
थाना नीमगांव के गांव मिर्जापुर निवासी 22 वर्षीय नागेश का गांव की ही एक युवती से कई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार की तड़के करीब 5 बजे नागेश अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था। बताते हैं कि घर वालों ने उसे पकड़ लिया और घर के अंदर ही उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। हत्यारोपी उसे मृत समझकर घर से भाग निकले। उधर किसी तरह से नागेश ने मोबाइल से यूपी 112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर सीओ, एसओ और यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसे युवती के घर से लहूलुहान हालत में युवती के के घर से बाहर निकाला। पुलिस उसे अस्पताल ले जाती। इससे पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ श्रद्धा सिंह ने बताया कि हत्यारोपी मौके से फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
एक बिरादरी के हैं युवक-युवती
युवक की पीट-पीटकर की गई हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। मृतक युवक व उसकी प्रेमिका एक ही बिरादरी के हैं। दोनों के घर 50 मीटर की दूरी पर हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों के बीच पिछले दो सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिछले कई दिनों से युवती के परिवार वालों को दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई थी, जिसके बाद से परिवार के लोग प्रेमी युगल पर नजर रख रहे थे।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: रेल पटरी पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, नहीं हुई शिनाख्त
