नाइजीरिया में बंदूकधारियों के हमले में सात लोगों की मौत , 150 लोगों का अपहरण 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अबुजा। नाइजीरिया के मध्य नाइजर प्रांत में एक समुदाय पर बंदूकधारियों के हमले में चार स्थानीय सुरक्षा कर्मियों सहित कम से कम सात लोग मारे गए। नाइजीरियाई मीडिया के अनुसार मुन्या स्थानीय सरकारी क्षेत्र के कुची समुदाय में शुक्रवार देर रात हुई घटना के दौरान भारी हथियारों से लैस बंदूकधारियों ने 150 से अधिक निवासियों का अपहरण कर लिया था।

स्थानीय ब्लूप्रिंट समाचार पत्र ने मुन्या स्थानीय सरकारी क्षेत्र के प्रमुख अमीनू नाजूम के हवाले से बताया कि बंदूकधारियों ( जिनके बारे में संदेह है कि वे डाकू थे) ने भारी बारिश के दौरान समुदाय पर धावा बोल दिया और घर-घर जाकर लोगों को अगवा किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भागने का प्रयास करने वाले तीन ग्रामीणों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

इस दौरान मुठभेड़ में सरकार समर्थित सुरक्षा टास्क फोर्स के चार सदस्य भी मारे गए। उन्होंने मुन्या पर लगातार हो रहे हमलों पर दुख व्यक्त किया और सरकार से निवासियों को आतंकित करने वाले डाकुओं के खिलाफ सुरक्षा प्रयासों को मजबूत करने का आग्रह किया। स्थानीय पुलिस ने अभी तक नवीनतम घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है। नाइजीरिया के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में सशस्त्र हमले एक बड़ा सुरक्षा खतरा बने हुए हैं, जिसके कारण बड़ी संख्या में मौतें और अपहरण हुए हैं। 

ये भी पढ़ें : पापुआ न्यू गिनी में भूस्खलन के कारण 2000 लोग हुए जिंदा दफन, सरकार ने लगाई अंतरराष्ट्रीय मदद की गुहार

 

संबंधित समाचार