शाहजहांपुर: BJP विधायक को नहीं फावड़े की जरूरत! कलम से ही उखड़ गई अपनी बनाई सड़क, PWD विभाग में हड़कंप 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में भाजपा विधायक चेतराम एक सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपनी ही सरकार में बन रही सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिये। दरअसल, जांच के दौरान विधायक ने कलम से ही सड़क खोद दी। इसके बाद विधायक चेतराम भड़क गए। 

उन्होंने विभागीय अधिकारी पर कमीशनखोरी का आरोप लगाया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुवायां थाना क्षेत्र के एक सड़क के चौड़ीकरण का काम चल रहा है, 17 किलोमीटर लंबी ये सड़क तहसील पुवायां को लखीमपुर जिले से जोड़ती है।

जानकारी के मुताबिक इस सड़क का निर्माण 32 करोड़ रुपये के बजट से होना है। क्षेत्र के कुछ लोगों ने भाजपा के विधायक से इस सड़क की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा था कि तय मानकों के अनुसार सड़क का काम नहीं हो रहा है।

एक तरफ सड़क तैयार हो रही है तो दूसरी तरफ खुद ही उखड़ती जा रही है। BJP विधायक ने कहा कि सड़क बनाने के लिए मौरंग की जगह मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। सड़क निर्माण में इसके अलावा भी कई गड़बड़ियां की जा रही हैं। योगी सरकार सड़क के निर्माण में गुणवत्ता के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सड़क की गुणवत्ता से बिल्कुल समझौता नहीं किया जाएगा।

क्षेत्र के लोगों का भी आरोप है कि इस मामले में JE और ठेकेदार आपस में मिलकर सड़क की गुणवत्ता के साथ समझौता कर रहे हैं। विधायक ने ठेकेदार, JE को फटकार लगाई और साथ ही ठेकेदार और JE को जेल भेजने की धमकी भी दे डाली। विधायक की धमकी के बाद PWD विभाग में हड़कंप मचा गया है।

यह भी पढ़ें- शाहजहापुर: ब्लॉक प्रमुख पति पर कार चढ़ाने का आरोप, बोले- मैं बाल-बाल बच गया

संबंधित समाचार