Bareilly News: सात दिनों से पानी का संकट, घर-घर जाकर मांगेंगे पानी की भीख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर के वार्ड नंबर 33 वनखंडी नाथ और जोगी नवादा में सात दिनों से पानी संकट से करीब 40 हजार लोग परेशान हैं। सरकारी नलों पर पानी के लिए लंबी लाइनें लग रही हैं। लाइन में लगे लोगों का बुधवार को गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने जलकल विभाग के खिलाफ विरोध जताते हुए पैरों से बालटियों और टबों को कुचल दिया। लोगों ने कहा कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो घर-घर जाकर पानी की भीख मांगेंगे।

भीषण गर्मी में शहर में पानी की व्यवस्था भी लड़खड़ा गई है। शहर के करीब 30 मोहल्लों में लोगों को जरूरत के हिसाब से पानी नहीं मिल पा रहा है। कुछ जगहों पर कई दिनों से पानी नहीं पहुंच रहा है। लोगों की शिकायत भी जलकल विभाग के पास पहुंच रही लेकिन समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। बुधवार सुबह पानी के संकट पर वनखंडी नाथ, जोगी नवादा के क्षेत्रवासी का गुस्सा फूट पड़ा। 

यहां के लोग करीब सात दिनों से हैंडपंप से काम चला रहे हैं। लोगों का कहना है कि सुबह और शाम को सरकारी नलों पर लंबी कतारें लग जा रही हैं। जिनके पास रुपये हैं, वह पानी खरीद ले रहे हैं। लोगों ने जलकल विभाग के प्रति आक्रोश जताते हुए अपनी बालटियां और टब तोड़ डाले। क्षेत्रीय महामंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा भाजपा ब्रज क्षेत्र सुरेश राठौर ने बताया कि दो दिन पहले जलकल विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी थीं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे लोगों में आक्रोश है अब घर-घर जाकर पानी के लिए भीख मांग कर विरोध जताया जाएगा।

चार वाल्व में एक खोल दिया जाता है डेयरियों के लिए
मोहल्ला निवासी मिथलेश ने बताया कि नलकूप में चार वाल्व हैं। इसमें शाम के समय एक वाल्व से पानी की सप्लाई हर रोज की जा रही है। इससे डेयरियों को पानी मिल रहा है। जब हम लोग पानी के लिए कहते हैं तो यह बहाना बना दिया जाता है कि खराब हो गया है।

रामवीर और ज्ञानचंद राठौर ने बताया कि पानी के लिए सात दिनों से हम सभी तरस रहे हैं। इसके बावजूद जलकल विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। ओमवती शर्मा, प्रवीन पंडित, शकुंतला वर्मा, जाहिर अहमद, मुन्नी देवी ने बताया कि अगर समाधान नहीं हुआ तो हम लोगों भीख के रूप में पानी मांगेंगे और धरना भी दिया जाएगा।

ये भी पढे़ं- Bareilly News: हसनी मियां के उर्स में उमड़ा अकीदत का सैलाब, गंगा जमुनी तहजीब की देखने को मिली मिसाल

 

संबंधित समाचार