रुद्रपुर: वेयर हाउस में धधकी आग से चार करोड़ का नुकसान
रुद्रपुर, अमृत विचार। किच्छा हाईवे स्थित एक वेयर हाउस के गोदाम में धधकी आग से करोड़ों का नुकसान होने का अनुमान है। आग इतनी विकराल थी कि दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जिससे गोदाम मालिक को भारी नुकसान हो गया।
जानकारी के अनुसार डिग्री कॉलेज रामपुर रोड निवासी इकबाल सिंह आनंद का किच्छा हाईवे स्थित एएलपी ऐरो फ्लेक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नाम की फर्म है। वेयर हाउस में रबर इन्सुलेशन माल का स्टॉक किया था। बताया कि रोजमर्रा की भांति गुरुवार की शाम को गोदाम के एचआर हेड वीपी सिंह सहित कर्मचारी काम समाप्त कर निकले थे कि शुक्रवार की ढाई बजे गोदाम के सिक्योरिटी गार्ड ने सूचना दी कि गोदाम से आग की लपटें उठ रही हैं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग व गोदाम स्वामी घटनास्थल पहुंचे तो देखा कि आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है और आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही है। आग बुझाने के पहले चक्र में दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची। बावजूद देखते ही देखते आग गोदाम के चारों ओर फैलने लगी।
जिसे देखकर सीएफओ निशांत कटारिया, सीएफओ गिरीश सिंह बिष्ट ने और गाड़ियां मांगने का आदेश दिया। जिसके बाद कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक आग ने गोदाम में रखा सारा माल स्वाहा कर दिया। सीएफओ निशांत कटारिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया अग्निकांड शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ होगा। बावजूद आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। गोदाम में रखा 80 फीसदी माल जलकर खराब हो गया। वास्तविक क्षति का आकलन किया जाएगा।
जब अधिकारियों ने बदली रणनीति
एएलपी ऐरो फ्लेक्स लिमिटेड के वेयर हाउस गोदाम में लगी आग पर जब दमकल कर्मी असहज से महसूस करने लगे तभी आला अधिकारियों ने तत्काल रणनीति बदलते हुए गोदाम के चारों ओर से पानी की बौछार करने का निर्णय लिया। इसी कारण रुद्रपुर से दो, गदरपुर से एक, बजाज कंपनी से एक, किच्छा से एक, पंतनगर से एक दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया और वेयर हाउस के चारों ओर घेराबंदी कर एक साथ पानी की बौछार शुरू हुई। इसके अलावा चार गाड़ियों को पानी भरकर लाने के लिए लगाया गया। तब जाकर आग पर काबू पाया गया।
सुबह तक सुलगती रही गोदाम में आग
शुक्रवार की सुबह ढाई बजे के करीब लगी आग दोपहर 12 बजे तक सुलगती रही। जिसका मुख्य कारण यह है कि गोदाम में रखा सारा माल रबर का बना हुआ था। जब आग की वारदात हुई तो आग को बुझा लिया गया। बावजूद रबर के नीचे आग हल्की सुलगती रही। जिसके बाद दोपहर के वक्त दमकल कर्मियों ने रबर को खुर्दबुर्द कर नीचे की आग को भी बुझाया।
गोदाम में रखा था चार करोड़ का इंसुलेशन शीट
एएलपी ऐरो फ्लेक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के संचालक इकबाल सिंह आनंद ने बताया कि फर्म एएलपी कंपनी को रबर की सीट बनाकर सप्लाई करती है। जिस कारण गोदाम में रबर इंशुलेशन सीट बनाकर रखे गए थे। अग्निकांड के बाद वेयर हाउस में रखा सारा माल जल गया। जिस कारण फर्म को चार करोड़ का नुकसान हुआ है।
