रुद्रपुर: बगवाड़ा मंडी के पीछे पार्किंग स्थल पर मिला युवक का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। बगवाड़ा चौकी इलाके के मंडी स्थित पार्किंग स्थल में एक युवक का शव पड़ा होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि शव 24 घंटे से अधिक से पड़ा हुआ था और दीवारों पर हल्के खून के धब्बे भी पाए गए।

शुक्रवार की शाम चार बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि बगवाड़ा मंडी के पीछे पार्किंग स्थल की चारदीवारी के पास 36 साल के युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही सीओ सदर निहारिका तोमर व कोतवाल धीरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना में पाया कि शव पिछले चौबीस घंटे से अधिक समय से पड़ा हुआ है और तेज धूप होने के कारण शव झुलस भी गया था।

इसके अलावा चारदीवारी पर हल्के खून के निशान भी मिले, जबकि शव पर कोई भी चोट के निशान नहीं थे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की जेब में एक आधार कार्ड मिला है। आधार कार्ड में नाम राम लखन सिंह निवासी सैनिक एनक्लेव न्यू रहीमाबाद थाना सरोजनीनगर लखनऊ यूपी है। जिस पर पुलिस ने थाना सरोजनी नगर से संपर्क कर युवक की वास्तविक शिनाख्त करना शुरू कर दिया है।

संबंधित समाचार