बरेली: सुभाष नगर की बीडीए 2 कॉलोनी में फिर जला ट्रांसफार्मर, 16 घंटे बिजली गुल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामगंगानगर फीडर में ब्रेकडाउन से बढ़ी बिजली कटौती

बरेली, अमृत विचार। सुभाष नगर क्षेत्र में ओवरलोडिंग के चलते बिजली संकट जारी है। गुरुवार देर रात ट्रांसफार्मर में आग लगने से बीडीए 2 कॉलोनी में 16 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। गर्मी से बेहाल लोगों को परेशानी से जूझना पड़ा। शुक्रवार दोपहर बाद आपूर्ति ठीक हो सकी। इसके अलावा रामगंगा, राधा कुंज कालोनी, पवन विहार जैसे इलाकों में लोगों को बिजली कटौती झेलनी पड़ी।

सुभाष नगर उपकेंद्र से जुड़ी बीडीए-2 कॉलोनी में गुरुवार देर रात ट्रांसफार्मर में आग लगने से केबल जल गई। इससे बिजली गुल हो गई। शुक्रवार को नया ट्रांसफार्मर और केबल डालकर दोपहर तीन बजे आपूर्ति सुचारू की गई।

एसडीओ सुभाष नगर अभिषेक कपासिया के मुताबिक नया ट्रांसफार्मर लगवा कर बिजली आपूर्ति को बहाल कराया गया। उधर, बाकरगंज में शुक्रवार दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक ट्रांसफार्मर में खराबी से बिजली आपूर्ति बाधित रही। किला जामा मस्जिद के 5 नंबर फीडर पर लोकल फाल्ट से चार घंटे बिजली गुल रही। जिससे थाना किला, जसोली, साहूकारा, किला बाजार, रेती मोहल्ला, इंग्लिश गंज में दिक्कत हुई। गुरुवार देर रात हारूनगला उपकेंद्र में लोकल फॉल्ट होने से ग्रीन पार्क, सुपर सिटी में दो घंटा तक बिजली बाधित रही।

राधा कुंज में बंच केबल जलने से गुरुवार रात एक बजे से सुबह तीन बजे तक लोगों को परेशानी से जूझना पड़ा। शुक्रवार सुबह रामगंगा नगर फीडर में ब्रेक डाउन से दोपहर 12 बजे तक बिजली गुल रही। पवन विहार में 33 केवी लाइन में फॉल्ट से चार घंटा लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।

भूमिगत केबल में फाल्ट से ड्राइविंग लाइसेंस का काम बाधित
सिविल लाइन क्षेत्र से जुड़े विकास भवन के पीछे परिवहन विभाग के ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में बिजली की भूमिगत केबल में फाल्ट हो गया। इस वजह से ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कार्य प्रभावित हुआ। इस दौरान आवेदकों को दिक्कत हुई। आरआई एमपी सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों से इसकी सूचना दी।शुक्रवार देर शाम कर्मचारियों ने फाल्ट ठीक कर आपूर्ति को बहाल किया। सिविल लाइंस के अवर अभियंता श्याम बली वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर फाल्ट को ठीक कर दिया गया।

ये भी पढ़ें- बरेली: टाटा सरिया का फर्जी डीलर बनकर लगाया 40.74 लाख का चूना, रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार