Unnao: डीआरएम को अचानक सामने खड़े देख सकते में स्टाफ...रात्रिकालीन औचक निरीक्षण पर अजगैन रेलवे स्टेशन पहुंचे उच्चाधिकारी
डीआरएम को अचानक सामने खड़े देख सकते में स्टाफ
उन्नाव, अमृत विचार। डीआरएम लखनऊ मंडल एसएन शर्मा ने अजगैन रेलवे स्टेशन का रात्रिकालीन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संरक्षित व सुरक्षित रेल परिचालन का जायजा लेते हुए आन ड्यूटी स्टाफ से संवाद करते हुए आवश्यक चीजों को समझा। गर्मी के प्रतिकूल मौसम में पटरियों सहित अन्य उपकरणों में आने वाली खराबियों के मद्देनजर मंडल रेल प्रबंधक ने मातहत अधिकारियों को स्टेशनों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश जारी कर रखे हैं। इसी क्रम में क्रास चेकिंग के लिए वे खुद भी रात्रि निरीक्षण पर निकल रहे हैं।
इसके चलते बीती गुरुवार रात डीआरएम अजगैन रेलवे स्टेशन पहुंचे। डीआरएम को अचानक स्टेशन पर देख वहां ड्यूटी पर तैनात एएसएम सहित अन्य स्टाफ सकते में आ गया। हालांकि, उच्चाधिकारी ने इसे रुटीन का हिस्सा बताते हुए कर्मियों से संरक्षा उपायों से संबंधी सवाल करने शुरू कर दिए।
डीआरएम ने जहां विभिन्न संकेतकों से संबंधित सवाल किए वहीं रेल पटरियों व ओएचई लाइन के अनुरक्षण के सबंध में भी जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि रेल यात्रियों को सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना हर रेलकर्मी का दायित्व है। इसलिए सभी को अपने-अपने स्तर से सुरक्षित व संरक्षित यात्रा सुविधाओं पर तवज्जो देनी चाहिए।
