UP: गोरखपुर में सेक्टर मजिस्ट्रेट को नींद से जगाने के लिए लगाई गई 5 लेखपालों की ड्यूटी
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक खबर सामने आ रही है। जो चर्चा का विषय बन गया है। यहां लोकसभा चुनाव के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट को जगाने के लिए पांच लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई है। लोकसभा चुनाव के अन्तिम चरण में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर ने सुबह चार बजे सेक्टर मजिस्ट्रेट को नींद से जगाने के लिए 5 लेखपालों की तैनाती करने वाला आदेश जारी किया है। हालांकि इस आदेश के जारी होते ही इसका विरोध शुरू हो गया है।

गोरखपुर में सेक्टर मजिस्ट्रेट को जगाने के लिए पांच लेखपालों की ड्यूटी की जानकारी सामने आते ही लेखपालों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। जिसके बाद विवादित आदेश निरस्त करने की बात बताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ अध्यक्ष राम मूरत यादव ने इस आदेश को लेखपालों की ड्यूटी गरिमा के खिलाफ बताया है। राम मूरत यादव ने कहा है कि लेखपाल काम में सहयोग के लिए सुबह किसी को नींद से जगाने के लिए नहीं हैं।
सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 को समयबद्ध एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए 323 गोरखपुर ग्रामीण विधान सभा में लगे सेक्टर मजिस्ट्रेट को सुबह 4 बजे जगाने के लिए पांच कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है।
