Kanpur: सड़कों पर पड़े मिले लू के मारे लोगों के शव, जिला प्रशासन में सनसनी, पोस्टमार्टम हाउस में पांच डॉक्टरों की लगी ड्यूटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। नौतपा में गर्मी कहर बनकर लोगों पर टूट रही है। शुक्रवार को भी नौ पुरुषों के शव सड़क पर पड़े पाए गए हैं। जिससे जिला प्रशासन में हड़कंप मचा है। कुल मिलाकर तीन दिन में कुल 30 शव मिले हैं। सभी की मौत लू से होने की आशंका है। शहर में बुधवार को अलग-अलग थानाक्षेत्रों में आठ और गुरुवार को 13 शव मिले थे। 
 
शुक्रवार को रायपुरवा थानाक्षेत्र में जूही ढाल के पास 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव पड़ा मिला। पुलिस ने लोगों से जानकारी की लेकिन कोई पहचान नहीं हो सकी। कलक्टरगंज थानाक्षेत्र में नयागंज रोड टिप टॉप यूनिफॉर्म की दुकान के बाहर रोड के किनारे 22 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। सचेंडी थानाक्षेत्र में पावरग्रिड की बाउंड्री के पास 40 वर्षीय युवक का शव मिला। 

तेज धूप के कारण युवक का शव झुलस गया था। इसी तरह फीलखाना थानाक्षेत्र में केपीएम अस्पताल के बाहर सीढ़ी के पास एक 36 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव लावारिस हालत में पड़ा मिला। ग्वालटोली थानाक्षेत्र में अंगूठी चौराहा वीआईपी रोड के डिवाइडर पर 45 वर्षीय अधेड़ का शव पड़ा मिला। शव की पहचान नहीं हो सकी। कोतवाली थानाक्षेत्र के कचहरी के गेट नंबर दो पर 42 वर्षीय अधेड़ का शव पड़ा मिला। 

उधर दक्षिण जोन के बर्रा थानाक्षेत्र में पाल टावर के पास एक 45 वर्षीय अधेड़ का शव पड़ा मिला। अर्मापुर थानाक्षेत्र में विजय नगर वाली रोड किनारे 45 वर्षीय अधेड़ का शव पड़़ा मिला। पहचान न होने पर शवों को मार्चुरी भिजवा दिया। 

हाथ में वीगो लगा युवक का शव मिला

बिल्हौर थानाक्षेत्र में बस स्टॉप पर रेलवे की दुकानों में एमबीए चाय दुकान के बाहर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। आस पड़ोस के दुकानदारों के अनुसार गुरुवार रात लगभग आठ बजे युवक को दुकान के बाहर देखा गया था। युवक के हाथ में वीगो लगा हुआ है, जिससे प्रतीत होता है कि वह कहीं से इलाज करा कर लौटा था। लू लगने से मौत होने की आशंका जाहिर की। 

जिला प्रशासन ने पोस्टमार्टम से ली जानकारी

शुक्रवार सुबह जिला प्रशासन ने स्वरूप नगर पुलिस से अज्ञात शवों के आंकड़ों की जानकारी ली। स्वरूप नगर इंस्पेक्टर राजेश शर्मा हैलट चौकी इंचार्ज के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और रजिस्टर से एक-एक अज्ञात मौतों के आंकड़ों को नोट किया और अफसरों को जानकारी दे दी। 

पोस्टमार्टम के लिए पांच डॉक्टरों की ड्यूटी 

शवों के बढ़ने से पोस्टमार्टम हाउस में दिक्कत आ रही है। पोस्टमार्टम हाउस के प्रभारी डॉ नवनीत चौधरी ने बताया कि तीन दिनों से पांच अलग-अलग डॉक्टर और कर्मचारी मिलकर सुबह आठ बजे से रात 12.30 बजे तक अलग-अलग शिफ्ट में पोस्टमार्टम कर रहे हैं। शवों की सड़ांध के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों को रिजर्व में भी लेकर चल रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Kanpur: हाई अलर्ट पर सभी अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्र, डॉक्टरों ने हीट स्ट्रोक को बताया जानलेवा, बताएं लक्षण और बचाव के तरीके...

संबंधित समाचार